गर्मी और लू का कहर लौट रहा, यूपी-दिल्ली-हरियाणा में आज से बढ़ेगा तापमान

 नई दिल्ली

देश के कई हिस्सों में तापमान फिर से बढ़ने लगा है। लू का प्रकोप भी शुरू हो रहा है। मौसम विभाग का कहना है कि गर्मी और लू भरे दिन फिर से लौट रहे हैं। दिल्ली-एनसीआर, यूपी, बिहार समेत कई राज्यों में 7-8 मई को तापमान में बढ़ोतरी होने वाली है। इस दौरान हीटवेव भी अपना कहर दिखाएगा। राजस्थान में 7-9 मई के बीच लू का प्रकोप बढ़ सकता है। वहीं, 8-9 मई को हरियाणा, दिल्ली, पश्चिमी यूपी, एमपी और महाराष्ट्र में तापमान के बढ़ने का अनुमान है। साथ ही लू से भी दो-चार होना पड़ेगा।

आईएमडी ने बताया कि आसमान में छाए बादलों, दिल्ली के कुछ हिस्सों में तेज हवाओं और हल्की बारिश ने शुक्रवार को पारा नियंत्रित रहा। हालांकि अगले सप्ताह लू चलने से तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने के आसार हैं। मौसम विभाग का कहना है कि शनिवार से तापमान बढ़ना शुरू हो जाएगा। आईएमडी ने कहा कि सोमवार से ताजा लू चलेगी और मंगलवार को पारा 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। महीने के अंत में लू ने दिल्ली के कई हिस्सों में पारा 46 और 47 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ा दिया था।

असम-मेघालय में सामान्य से अधिक तापमान
असम और मेघालय में शुक्रवार को कई जगहों पर दिन का तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने बताया कि हिमाचल प्रदेश, सौराष्ट्र, कच्छ और विदर्भ में कुछ स्थानों पर, मध्य महाराष्ट्र, पूर्वी मध्य प्रदेश, तमिलनाडु, पुड्डुचेरी और कराईकल में विभिन्न स्थानों पर दिन का तापमान सामान्य से अधिक (1.6 डिग्री सेल्सियस से 3.0 डिग्री सेल्सियस) दर्ज किया गया। शनिवार को भी इन इलाकों में तापमान सामान्य से अधिक रहने के आसार हैं।
 
उत्तर-बिहार में बारिश के आसार
वहीं, उत्तर बिहार में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होता दिख रहा है। इसके प्रभाव से मुजफ्फरपुर सहित कई जिलों में 9 से 11 मई के बीच हल्की बारिश हो सकती है। इस दौरान आंधी व ओलावृष्टि के भी आसार हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले पांच दिनों तक हल्के से मध्यम बादल छाए रह सकते हैं। अगले एक से दो दिनों तक मौसम शुष्क रहने की संभावना है। इसके बाद हल्की बारिश हो सकती है। इस दौरान अधिकतम तापमान 37 से 39 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। न्यूनतम तापमान 24 से 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *