2024 की तैयारियों में जुटी BJP, कमजोर प्रदर्शन वाले बूथों पर विपक्ष को मात देने का प्लान रेडी

नई दिल्ली
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने  2024 के आम चुनावों के लिए अपनी तैयारी शुरू कर दी है। बीजेपी ने उन बूथों को मजबूत करने के लिए एक टीम का गठन किया है, जहां पार्टी कमजोर दिख रही है। इस टीम के सदस्यों को चुनाव से पहले लोगों तक पहुंचना है। अभियान की शुरुआत भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा करेंगे। हालांकि, इस अभियान के उद्घाटन की तारीख अभी तय नहीं की गई है। अभियान में विभिन्न राज्यों के प्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना है। पार्टी ने अभियान शुरू होने की तारीख से तीन महीने की समय सीमा तय की है। सूत्रों के मुताबिक, कैंपेन में देशभर से सांसदों को तैनात करने का काम चल रहा है। सांसदों के अलावा, सभी राज्य इकाइयों के भाजपा प्रमुखों और जिलाध्यक्षों को अभियान में भूमिका दी जाएगी।

कैंपेन के तहत तीन फेज में होगा एक्शन
पार्टी इस कार्यक्रम को तीन चरणों में चलाने की योजना बना रही है। पहले चरण में टीम का गठन किया जाएगा। दूसरे चरण में मजबूत किए जाने वाले बूथों की पहचान की जाएगी। तीसरे चरण में जनसंपर्क कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। सूत्रों ने बताया कि अभियान के तहत ज्यादा से ज्यादा लोगों को जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
 
मिशन 2023 पर जारी है काम
अगले साल होने वाले मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनावों की तैयारियों की रूपरेखा तय करने और संगठन को दुरुस्त करने के लिए गुरुवार को नड्डा ने दोनों राज्यों के वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक की। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, भाजपा के पुराने मुख्यालय 11, अशोक रोड में हुई इन अलग-अलग बैठकों का उद्देश्य अगले साल दोनों राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनाव के संबंध में भाजपा की तैयारियों का जायजा लेना और आगे की रणनीति तैयार करना था।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *