PM मोदी शाम को एक सिख प्रतिनिधिमंडल की करेंगे मेजबानी
नई दिल्ली। फरवरी के बाद एक बार फिर मोदी सिख समुदाय से मिलेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार शाम को एक सिख प्रतिनिधिमंडल की मेजबानी करेंगे। फरवरी में मोदी ने अपने आधिकारिक आवास पर देश भर के प्रमुख सिख बुद्धिजीवियों के एक प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात की थी।
मोदी ने एक tweet करके लिखा-आज शाम, मैं अपने आवास पर एक सिख प्रतिनिधिमंडल की मेजबानी करूंगा। समूह में विभिन्न क्षेत्रों के लोग शामिल हैं। मैं भी शाम करीब साढ़े पांच बजे सभा को संबोधित करूंगा। जरूर देखें…।
फरवरी-मार्च में मोदी ने सिख समुदाय से मुलाकात की थी। फरवरी में अपने आवास पर देशभर के प्रमुख सिखों से मुलाकात के दौरान मोदी ने विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की थी। इस अवसर पर उन्हें शॉल व तलवार देकर सम्मानित किया गया था। चर्चा के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने करतारपुर कॉरिडोर से लेकर सिख दंगों और उनके गुनहगारों को सजा दिलाने तक के कदमों से सिख संगठनों को अवगत कराया था। तब प्रधानमंत्री से मुलाकात करने वालों में दिल्ली गुरुद्वारा कमेटी के अध्यक्ष हरमीत सिंह कालका, पद्म श्री बाबा बलबीर सिंह जी सिचेवाल (सुल्तानपुर लोधी), महंत करमजीत सिंह, अध्यक्ष सेवापंथी यमुनानगर, बाबा जोगा सिंह, डेरा बाबा जंग सिंह (नानकसर) करनाल, संत बाबा मेजर सिंह, मुखी डेरा बाबा तारा सिंह, अमृतसर, जत्थेदार बाबा साहिब सिंह जी, कार सेवा आनंदपुर साहिब, सुरिंदर सिंह नामधारी दरबार (भनी साहिब), बाबा जस्सा सिंह शिरोमणि अकाली बुद्ध दल, पंजवा तख्तो, डॉ. हरभजन सिंह, दमदमी, टकसाल, चौक मेहता, सिंह साहिब ज्ञानी रणजीत सिंह जी, जत्थेदार तख्त श्री पटना साहिब शामिल थे।
मार्च में हुई मुलाकात के दौरान मोदी ने सिख समाज की परेशानियों को जाना था। उन्होंने पंजाब में ड्रग्स की समस्या पर भी चिंता जताई थी। तब प्रधानमंत्री ने जोर दिया कि धर्म जरूरी है, लेकिन उससे अधिक जरूरी देश की एकता है। राष्ट्रीय महिला आयोग की विशेषज्ञ पैनल की सदस्य डॉ. दमनजीत कौर संधू के मुताबिक पीएम के साथ कई अहम मुद्दों पर चर्चा हुई थी। इनमें पंजाब में ड्रग्स की समस्या अहम थी।
