प्रधानमंत्री से सवाल करेंगे बिलासपुर के ए श्रीधर शर्मा और मनीष सहिस
बिलासपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक अप्रैल सुबह 11 बजे तालकटोरा स्टेडियम, नई दिल्ली में छात्रों के साथ परीक्षा पर चर्चा कार्यक्रम में बात करेंगे। इस दौरन वे छात्रों के सवालों का जवाब देने के साथ परीक्षा को लेकर टिप्स भी देंगे। बिलासपुर से दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे हायर सेकेंडरी स्कूल नंबर वन के छात्र ए श्रीधर शर्मा और मनीष सहिस का चयन हुआ है। शिक्षा मंत्रालय की ओर से इस कार्यक्रम में शामिल होने देशभर के सभी सीबीएससी स्कूलों को आनलाइन रजिस्ट्रेशन कराने कहा गया था। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे हायर सेकेंडरी स्कूल नंबर वन के छात्र-छात्राओं ने भी आनलाइन सवाल भेजा था।
सोमवार की सुबह शिक्षा मंत्रालय नई दिल्ली के मुख्य सचिव भूपेंद्र कुमार ने प्राचार्य कृष्ण कुमार मिश्रा को फोन कर कक्षा 12वीं कला संकाय के दो छात्र ए श्रीधर शर्मा और मनीष सहिस के चयन की जानकारी दी। उन्होंने यह भी कहा कि दोनों विद्यार्थियों को अपने सवालों के साथ एक अप्रैल को वर्चुअल कार्यक्रम में तैयार रहने को कहा। जिसके कुछ ही घंटों बाद दिल्ली से एक टीम छात्रों के पास पहुंच गई। फिलहाल टीम दोनों बच्चों से फीडबैक ले रही है। प्राचार्य मिश्रा ने बताया कि यह पहला मौका है जब स्कूल के बच्चे वर्चुअल कार्यक्रम में सीधे प्रधानमंत्री से रूबरू होंगे। प्रधानमंत्री से सवाल पूछने दोनों ही विद्यार्थी बेहद उत्सुक हैं।
