जेएमबी के पांचों सदस्यों को एटीएस कल कोर्ट में पेश करेंगे, भोपाल की घटना में कुछ और गिरफ्तारियां संभव
भोपाल
भोपाल के ऐशबाग और विदिशा के नटेरन से पकड़ाये आतंकी संगठन जमात-ए-मुजाहिद्दीन बांग्लादेश(जेएमबी) के सदस्यों के पांचों सदस्यों को एटीएस सोमवार को जिला अदालत में पेश करेगी। इन आतंकियों में से चार आतंकियों की 14 दिन की रिमांड पर एटीएस ने लिया था, जबकि अब्दुल करीम को पांच दिन के रिमांड पर लिया गया था।
भोपाल में एटीएस ने फजहर अली उर्फ मेहमूद पिता अशरफ इस्लाम, मोहम्मद अकील उर्फ अहमद पिता नूर अहमद शेख, जहूरउद्दीन उर्फ इब्राहिम उर्फ मिलोन पठान उर्फ जौहर अली पिता शाहिद पठान, फजहर जैनुल आबदीन उर्फ अकरम अल हसन उर्फ हुसैन को ऐशबाग और करोद क्षेत्र से गिरफ्तार किया था। इन चारों की निशानदेही पर पुलिस ने करोद से ही सहवान खान और विदिशा जिले के नटेरन से अब्दुल करीम को गिरफ्तार किया था। सहवान को दो दिन पहले अदालत में पेश किया गया था, जहां से उस जेल भेज दिया गया।
अब बचे हुए पांचों आतंकियों को सोमवार को अदालत में पेश किया जाएगा। माना जा रहा है कि अब एटीएस इनका रिमांड नहीं मांगेगी। हालांकि इनसे पूछताछ के बाद इस मामले में अभी कुछ और गिरफ्तारी हो सकती है। पश्चिम बंगाल से एक आरोपी को प्रोडक्शन वारंट पर प्रदेश लाया जाना है। इसके पूछताछ के बाद कुछ और खुलासे हो सकते हैं। एटीएस की टीम महाराष्टÑ और उत्तर प्रदेश में भी सक्रिय है।
तीन राज्यों में है डटी एटीएस टीम
एटीएस की पश्चिम बंगाल, महाराष्टÑ और उत्तर प्रदेश में टीमें अभी मौजूद हैं। यहां भी ये आतंकी पहुंचे थे और इनके तार
जुड़े हुए हैं। किसी की लिंक इन आंतकियों से मिली तो वहां से भी गिरफ्तारी हो सकती है।
