PM और BJP संगठन के नेतृत्व में शिवराज सरकार ने गरीबों का जीवन बदला

भोपाल
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा है कि कोरोना संक्रमण के दौरान दो साल में कठिन दौर में सुशासन के साथ गरीबों के जीवन को बदलने का काम भाजपा की सरकार ने किया है। कोरोना संकट में राजनीतिक भूमिका निभाते हुए प्रदेश भाजपा कार्यकर्ताओं ने पीएम नरेंद्र मोदी और राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के आह्वान पर अभूतपूर्व काम किया है। सरकार की योजनाओं को गांव-गांव तक पहुंचाने और लोगों को कोरोना से राहत दिलाने में भाजपा कार्यकर्ताओं ने कोई कसर बाकी नहीं रखी। क्राइसिस मैनेजमेंट कमेटियों ने अभूतपूर्व काम किया और देश भर में इसकी सराहना हुई। प्रधानमंत्री मोदी ने एमपी के माडल को देश के दूसरे राज्यों को लागू करने का सुझाव दिया।

शिवराज सरकार के दो साल के कार्यकाल की उपलब्धियां गिनाते हुए प्रदेश अध्यक्ष शर्मा ने कहा कि  आज भाजपा सरकार लोक कल्याण दिवस मना रही है। कोई भी वर्ग ऐसा नहीं है जिसके कल्याण के लिए सरकार ने काम नहीं किया हो। हर समाज, हर वर्ग के विश्वास को जीतने का काम सरकार ने योजनाओं के जरिये किया है। प्रदेश अध्यक्ष शर्मा ने कहा कि सरकार की योजनाओं के साथ कदमताल मिलाकर जनता की सेवा करने का काम प्रदेश संगठन ने किया है। आगे भी इसको लेकर सरकार और संगठन जनता के बीच योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए पहुंचते रहेंगे। उन्होंने कहा कि घोषणा करके मुकर जाना और जनता के साथ धोखा देना कमलनाथ सरकार के 15 माह के कार्यकाल की पहचान है। मुख्यमंंत्री चौहान के नेतृत्व में भाजपा सरकार कोरी घोषणाएं नहीं करती।

युवा सदन में बुलडोजर पर मामा के पोस्टर
राजधानी के युवा सदन के बाहर दर्जन से अधिक बुलडोजर पर मामा बुलडोजर के पोस्टर बुधवार को चर्चा में रहे। विधायक रामेश्वर शर्मा ने ढोल नगाड़ों की थाप और बुलडोजर के साथ सीएम चौहान के दो साल का कार्यकाल पूरा होने का जश्न मनाया। यहां बुलडोजर मामा जिंदाबाद के नारे लगाए गए।

सामाजिक न्याय के साथ समरसता पर काम कर रही सरकार
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि देश को जातियों में बांटने का षड़यंत्र चल रहा है लेकिन ऐसा नहीं होने दिया जाएगा। हमारी सरकार सामाजिक न्याय के लिए काम कर रही है और सामाजिक न्याय के साथ सामाजिक समरसता का भी ध्यान रखा जा रहा है। गरीबी जाति देखकर नहीं आती है, इसलिए सामान्य वर्ग के लोगों की आर्थिक स्थिति में सुधार के लिए जो सुझाव कार्यशाला के माध्यम से सामने आएंगे, उस पर सरकार मंथन कर निर्णय लेगी। प्रशासन अकादमी में आयोजित मध्यप्रदेश राज्य सामान्य वर्ग कल्याण आयोग की दो दिवसीय कार्यशाला के शुभारंभ अवसर पर सीएम चौहान ने कहा कि पूर्व में सामान्य निर्धन वर्ग कल्याण आयोग की अनुशंसा के आधार पर सामान्य वर्ग के निर्धन परिवारों के लिए सरकार ने कई योजनाएं छात्रवृत्ति और उच्च शिक्षा को लेकर बनाई थीं। अब राज्य सामान्य वर्ग कल्याण आयोग के मंथन के बाद जो सुझाव आएंगे, उसे अमल में लाने का काम करेंगे। सर्वसमाज का विकास सरकार का ध्येय है। इस कार्यक्रम में अध्यक्ष गौ-पालन एवं गौ-संवर्धन बोर्ड स्वामी अखिलेश्वरानंद गिरि, राज्य सामान्य वर्ग कल्याण आयोग के अध्यक्ष शिव चौबे समेत सामान्य वर्ग के नागरिक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *