बीजेपी में शामिल होने के बाद पंजाबी गायक बूटा मोहम्मद कैप्टन अमरिंदर के साथ आए नजर, फिर दी सफाई

नई दिल्ली

जाने-माने पंजाबी गायक बूटा मोहम्मद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गये। लुधियाना में केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत और अन्य बीजेपी नेताओं की मौजूदगी में पंजाबी गायक ने भाजपा का दामन थामा। मंगलावर की सुबह बीजेपी में बूटा मोहम्मद के शामिल होने के बाद एक दिलचस्प बात यह भी हुई कि वो इसके कुछ ही देर बाद पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह के साथ नजर आए। कैप्टन के साथ पंजाबी गायक चंडीगढ़ में मौजूद थे। इसके बाद उनके बीजेपी ज्वाइन करने को लेकर लोग कन्फ्यूज हो गए। कैप्टन अमरिंदर सिंह ने हाल ही में अपनी नई पार्टी पंजाब लोक कांग्रेस बनाई है। उन्होंने अपनी इस पार्टी में कई लोगों को ज्वाइन भी करवाया है।

पंजाब लोक कांग्रेस ने पंजाबी गायक के साथ तस्वीरें शेयर की हैं। इन तस्वीरों में गायक पूर्व सीएम से सिरौंपा (नई पार्टी का नाम लिखा हुआ मफलर) लेते नजर आ रहे हैं। हालांकि, बाद में पंजाबी गायक ने साफ किया कि वो सिर्फ अपने दोस्त सरदार अली के साथ थे और सरदार अली भी पेशे से गायक हैं। हम दोनों कैप्टन अमरिंदर सिंह के एक कार्यक्रम में पहुंचे थे। लेकिन मैंने अभी तक पंजाब लोक कांग्रेस ज्वाइन नहीं किया है। हालांकि, उनके दोस्त अली ने नई पार्टी को ज्वाइन कर लिया है। सरदार अली ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि नई पार्टी लोक कल्याण के लिए काम करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *