सीएम योगी आज ग्राम प्रधानों की सैलरी बढ़ाने का कर सकते हैं ऐलान, ब्‍लॉक प्रमुखों का भी बढ़ेगा पावर

लखनऊ

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज होने वाले उ.प्र.ग्राम उत्कर्ष समारोह में पंचायत प्रतिनिधियों के हितों में कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कर सकते हैं। इसके तहत प्रधानों के मानदेय की राशि 3500 से बढ़ाकर 5000 रुपये तक हो सकती है। राजधानी के वृदांवन योजना स्थित डिफेंस एक्सपो मैदान आयोजित होने वाले इस समारोह में करीब सवा लाख पंचायत प्रतिनिधि व नव नियुक्त पंचायत सहायक जुटेंगे। इस समारोह में पंचायतीराज मंत्री चौधरी भूपेन्द्र सिंह, पंचायतीराज राज्य मंत्री उपेन्द्र तिवारी भी मौजूद रहेंगे।

राष्ट्रीय पंचायतीराज ग्राम प्रधान संगठन के प्रतिनिधि ललित शर्मा, डा.अखिलेश सिंह आदि मुख्यमंत्री से मिले थे और उनके समक्ष अपनी मांगे रखीं थीं। मुख्यमंत्री ने इन मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करने का आश्वासन दिया था। इसके बाद अपर मुख्य सचिव पंचायतीराज मनोज कुमार सिंह के साथ संगठन के प्रतिनिधियों की तीन चक्रों में वार्ता हुई। इसी क्रम में प्रदेश सरकार ने ग्राम विकास मंत्री मोती सिंह और पंचायतीराज मंत्री चौधरी भूपेन्द्र सिंह की एक कमेटी गठित करवायी थी जिसने ब्लाक प्रमुखों के अधिकार बढ़ाए जाने के बारे में शासन को अपनी संस्तुति की रिपोर्ट दी थी।

ग्राम प्रधानों के वित्तीय अधिकार दो के बजाए पांच लाख रुपये तक किये जाने,दो ग्राम प्रधानों को जिला योजना में सदस्य बनाए जाने, मनरेगा में भुगतान का अधिकार ग्राम प्रधानों को दिये जाने, पंचायत प्रतिनिधि कल्याण कोष गठित किये जाने की घोषणा हो सकती है। इसके अलावा ब्लाक प्रमुखों को भी कुछ सौगातें मिल सकती हैं। इनमें मनरेगा में ब्लाक प्रमुखों को वित्तीय व प्रशासनिक अधिकार दिए जाने, इस योजना में भुगतान की प्रक्रिया में बीडीओ के साथ ब्लाक प्रमुख को भी शामिल किये जाने के बारे में भी मुख्यमंत्री घोषणा कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *