बस्‍ती में एनकाउंटर: सहदेव हत्याकांड के आरोपी सूरज को लगी पुलिस की गोली, गिरफ्तार

बस्‍ती
उत्‍तर प्रदेश के बस्ती के लालगंज थानांतर्गत परेवा निवासी सहदेव की हत्या में फरार आरोपी सूरज को एसओ लालगंज और एंटी नारकोटिक्स टीम ने मंगलवार को भोर में हुई मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया। एसपी आशीष श्रीवास्तव ने बताया कि पुलिस टीम की घेराबंदी में उसने असलहे से फायरिंग की। जवाबी कारवाई में पुलिस की गोली उसके दाहिने पैर में लगी। जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

लालगंज थानांतर्गत परेवा गांव के सिवान में स्थित गन्ने के खेत में 11 दिसंबर को सहदेव (40) का शव बरामद हुआ था। पुलिस ने उसी दिन बड़े भाई की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया था। एसपी ने हत्याकांड का सोमवार को खुलासा करते हुए बताया था कि सहदेव की हत्या की साजिश उसकी पत्नी ने ही रची थी। इसके लिए अपने प्रेमी सूरज को दो लाख रुपये की सुपारी दी थी। लालगंज पुलिस ने आरोपी पत्नी व बेटे को गिरफ्तार कर लिया है।

आरोपी किरन अपने पति के गांव की एक महिला से अवैध संबंध को लेकर नाराज थी। मृतक सहदेव अपनी पूरी संपत्ति उसी महिला के नाम न कर दे, इस डर के चलते उसने पति को जान से मारने का षड़यंत्र रच डाला। सुपारी लेने वाले प्रेमी सूरज निवासी जमालपुर थाना लालगंज व उसके साथी विकास निवासी कुदरहा थाना लालगंज ने साथ मिलकर 6 दिसंबर को सहदेव की हत्या कर दी थी। आरोपी विकास अब भी फरार हैं। उसकी धरपकड़ का प्रयास जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *