वोटरों को उठक-बैठक कराने व थूक चटवाने के मामले ने पकड़ा तूल, जेल भेजा गया आरोपित
औरंगाबाद
पंचायत चुनाव में वोट नहीं देने पर वोटर को उठक-बैठक कराने और थूक चटवाने के मामले ने तूल पकड़ लिया है। कुटुंबा प्रखंड की डुमरी पंचायत के पराजित मुखिया प्रत्याशी बलवंत कुमार सिंह को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। इधर घटना को जिला विधिक सेवा प्राधिकार ने भी गंभीरता से लिया है। इस मामले में पीड़ित ग्रामीण मंजित भुइयां के द्वारा प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। बताया जाता है कि महादलित आयोग ने भी इसपर संज्ञान लिया है और पूरी रिपोर्ट जिला प्रशासन से मांगी है।
एडीजे ने दिया मामले की जांच का आदेश
फोटो और वीडियो वायरल होने के बाद जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव सह अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश प्रणव शंकर ने जांच का आदेश दिया है। उन्होंने घटना की पूरी जानकारी लेने और पीड़ित वोटरों की सामाजिक और आर्थिक पृष्ठभूमि की जानकारी प्राप्त करने के लिए प्राधिकार के पैनल अधिवक्ता लालमोहन सिंह एवं पारा विधिक स्वयं सेवक राजकुमार पासवान को प्रतिनियुक्त किया है।अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने बताया कि घटना के बारे में विस्तृत जांच कर तत्काल प्राधिकार को प्रतिवेदन देने का आदेश पैनल अधिवक्ता एवं पारा विधिक स्वयं सेवक को दिया गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद मामले में जिला विधिक सेवा प्राधिकार के स्तर से पीड़ित को न्याय दिलाया जाएगा। विधिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
स्पीडी ट्रायल चलाकर दिलाई जाएगी सजा
इधर थानाध्यक्ष नरेंद्र कुमार ने बताया कि मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए मुखिया प्रत्याशी को गिरफ्तार कर सोमवार को कोर्ट में पेश किया गया। वहां से उसे जेल भेज दिया गया है। बताया कि इस मामले में दो से तीन दिनों में आरोपपत्र कोर्ट में समर्पित किया जाएगा। स्पीडी ट्रायल चलाकर सजा दिलवाई जाएगी। बता दें कि इस घटना का एक वीडियो वायरल हुआ था। उसमें देखा जा रहा है कि दो लोगों को उठक-बैठक कराई जा रही है। उनसे जमीन पर थूक भी चटवाया जा रहा है। इसके बाद मामले ने तूल पकड़ा।
