मंत्रालय कर्मचारी संघ चुनाव के लिए हुआ मतदान
भोपाल
मंत्रालयीन कर्मचारी संघ के दो धड़ों में चल रहे विवादों के बीच अंतत: आज मंत्रालय कर्मचारी संघ की नई कार्यकारिणी के चयन के लिए आज चुनाव सम्पन्न हुए। चुनाव में उतरी सरदार वल्लभ भाई पटेल पैनल और कमलापति पैनल के कुल 25 उम्मीदवारों में से पंद्रह सदस्यीय कार्यकारिणी के चयन के लिए मतदान हुआ। दोपहर तक पचास फीसदी वोट डाले जा चुके थे। शाम को सात बजे मतगणना शुरु होगी और देर रात तक परिणामों की घोषणा की जाएगी। इसके बाद कार्यकारिणी में से अध्यक्ष और अन्य पदाधिकारियों का चयन बाद में होगा।
मंत्रालयीन कर्मचारी संघ के चुनाव के लिए मतदान कराने मंत्रालय के गेट नंबर छह के पास दस बूथ बनाए गए है। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी भगवान सिंह यादव और सहायक निर्वाचन अधिकारी सतीश बड़ोदिया और आनंद भट्ट ने भयमुक्त और निष्पक्ष चुनाव के लिए तमाम इंतजाम सुनिश्चित करवाए है। सुबह साढ़े दस बजे से मतदान शुरु हो गया। शुरु में मतदान की रफ्तार तेज रही और पहले ही एक घंटे में ढाई सौ मत डल गए। कुल सोलह सौ मतदाता है, समाचार लिखे जाने तक पचास फीसदी मतदान पूरा हो गया था। प्रत्येक मतदाता ने दो-दो मत डाले, एक बड़े मतपत्र से और दूसरा छोटे मतपत्र से।
