कांग्रेस बूथ पर मोर्चा संभालने वाले कार्यकर्ताओं की संख्या का सवाल
भोपाल
पंचायत चुनाव युवा कांग्रेस के सबसे प्रमुख अभियान का टेस्ट साबित होगा। दरअसल युवा कांग्रेस पिछले डेढ़ महीने से एक बूथ पांच यूथ का अभियान चला रही है। प्रदेश के हर बूथ पर यह अभियान चल रहा है। यह अभियान जमीन पर कितना असरकारक रहा है यह पंचायत चुनाव के परिणामों से सामने आ जाएगा।
युवा कांग्रेस हर बूथ पर अपनी टीम खड़ी करना चाहती है। इसी क्रम में उसने एक बूथ पांच यूथ का अभियान शुरू किया था। जिसमें पार्टी के पांच युवा हर बूथ पर मोर्चा संभालने वाले थे। जो पार्टी और खासकर युवा कांग्रेस की विचारधारा से युवकों को पार्टी से जोड़ने का काम कर रहे हैं। इस अभियान पर युवा कांग्रेस के प्रदेश पदाधिकारी दावा कर रहे हैं कि उनके इस अभियान से हजारों युवा कांग्रेस की ओर आकर्षित हो रहे हैं। युवा कांग्रेस का यह दावा जमीन पर कितना असरकारक रहा है, यह अब पंचायत चुनाव में सामने आ जाएगा
ग्रामीण हिस्सों में युवा कांग्रेस के इस अभियान से कितने लोग पार्टी से जुड़े और पार्टी समर्थित उम्मीदवार के पक्ष में यह टीम कितना मतदान करवा सकी। यह पंचायत चुनाव के परिणाम के जरिए बाहर आएगा।
हर जिले में प्रदेश कांग्रेस ने पंचायत चुनाव के लिए समन्वय समिति बनाई है। इस समिति में विधायक, जिला अध्यक्ष, महिला कांग्रेस की जिला अध्यक्ष, युवा और एनएसयूआई के जिला अध्यक्षों को भी रखा गया है। इन सभी की जिम्मेदारी होगी कि एक वार्ड में पार्टी समर्थित एक ही उम्मीदवार मैदान में उतरे। इस समिति में रखे गए पदाधिकारियों का भी पंचायत चुनाव के जरिए टेस्ट हो जाएगा।
