गोवा से साफ संकेत, जिन्हें भाजपा को हराना है, वे आएं हमारे साथ: मुख्यमंत्री ममता बनर्जी

पणजी
बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने गोवा में विधानसभा चुनाव के लिए टीएमसी का प्रचार तेज कर दिया है। सोमवार को दो दिवसीय दौरे पर गोवा पहुंचीं ममता बनर्जी ने भरोसा जताया कि राज्य में उनकी पार्टी विधानसभा चुनाव जीत जाएगी। यही नहीं उन्होंने कहा कि यदि गोवा में कोई भाजपा को हराना चाहता है तो फिर उसे टीएमसी के साथ आने होगा। उन्होंने कहा, 'यदि कोई भाजपा को हराना चाहता है तो फिर उसे हमारा समर्थन करना चाहिए।' गोवा को सुंदर, विनम्र और विद्वान राज्य बताते हुए ममता बनर्जी ने कहा कि हमारी पार्टी यहां सत्ता को नियंत्रित करने या फिर मुख्यमंत्री बनने के लिए नहीं आई है। हम अपने अनुभव का इस्तेमाल करते हुए यहां गोवा के लोगों की मदद करना चाहते हैं।

टीएमसी ने राज्य में विधानसभा चुनाव के लिए सूबे की सबसे पुरानी पार्टी महाराष्ट्रवादी गोमांतक पार्टी से गठबंधन किया है। टीएमसी अपने सहयोगी दल के साथ मिलकर राज्य की सभी 40 सीटों पर उम्मीदवार उतारने का ऐलान कर चुकी है। राज्य में यूपी, उत्तराखंड, पंजाब और मणिपुर के साथ ही अगले साल की शुरुआत में चुनाव होने वाले हैं। बनर्जी ने कहा कि मेरे पास गोवा के लिए वैसा ही प्लान है, जैसे हमने बंगाल में काम किया था। उन्होंने कहा कि यदि हम सत्ता में आते हैं तो 6 महीने के अंदर प्लान को लागू कर देंगे। इससे पहले ममता बनर्जी ने कहा था कि उनकी पार्टी गोवा में चुनाव नहीं लड़ना चाहती थी, लेकिन जब हमने देखा कि भाजपा को दूसरे दल टक्कर देने की स्थिति में नहीं हैं तो फिर हमने उतरने का फैसला लिया।

ममता बनर्जी ने कहा, 'हम बीते कई सालों तक गोवा में नहीं आए। लेकिन जजब हमने देखा कि कोई कुछ नहीं कर रहा है। भाजपा के खिलाफ कोई लड़ नहीं रहा है। तो फिर हमने यहां उतरने का फैसला लिया।' यही नहीं ममता बनर्जी ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा था, 'आप हमारे खिलाफ बंगाल में चुनाव लड़ सकते हैं। फिर हम गोवा में क्यों नहीं आपके खिलाफ उतर सकते। हम आपके साथ काम करना चाहते हैं, लेकिन लड़ेंगे अपने दम पर ही। हम आपकी बात नहीं सुनेंगे।' यही नहीं गोवा को लेकर ममता बनर्जी ने बंगाल की तर्ज पर ही नया नारा 'खेला जातलो' दिया है। इससे पहले बंगाल में ममता बनर्जी का नारा खेला होबे था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *