चीन की कंपनी एवरग्रांड का संकट बढ़ा, मालिक से जबरन गिरवी रखवाए शेयर

नई दिल्ली
चीन के दिग्गज अरबपति हुई का यान (Hui Ka Yan) को एवरग्रांड ग्रुप में अपनी हिस्सेदारी में कटौती करने के लिए मजबूर किया गया है। आपको यहां बता दें कि हुई का यान (Hui Ka Yan), चीन की रियल एस्टेट कंपनी एवरग्रांड के फाउंडर हैं और ये कंपनी भारी कर्ज से जूझ रही है। हाल ही में इस कंपनी पर 'डिफॉल्टर' का ठप्पा भी लग गया है।  बिजनेस इनसाइडर की एक खबर के मुताबिक बीते सोमवार से गुरुवार तक बेचे गए 277.8 मिलियन शेयरों की बिक्री एक तीसरे पक्ष द्वारा जबरन बिक्री के कारण हुई थी। इस बिक्री प्रक्रिया में अरबपति हुई का यान (Hui Ka Yan) ने अपने शेयर गिरवी रखे थे। इस वजह से अब हुई (Hui Ka Yan) की हिस्सेदारी 61.88 फीसदी से घटकर 59.78 फीसदी रह गई है। हालांकि, ये जानकारी नहीं मिल सकी है कि तीसरा पक्ष कौन था या शेयरों को कितने में बेचा गया था। ब्लूमबर्ग की गणना के मुताबिक संभवत:  हुई (Hui Ka Yan) की हिस्सेदारी की कीमत 64 मिलियन डॉलर के करीब रही होगी।

ब्लूमबर्ग बिलेनियर इंडेक्स के मुताबिक हुई का यान की कुल दौलत 6.28 बिलियन डॉलर है और वह अरबपतियों की रैंकिंग में 453वें स्थान पर हैं। बहरहाल, ये खबर ऐसे समय में आई है जब चीन की सरकार ने संकेत दिया है कि एवरग्रांड के लिए कोई खैरात नहीं दिया जाएगा। आपको बता दें कि एवरग्रांड दुनिया का सबसे अधिक ऋणी डेवलपर है, जिसकी देनदारियां 300 बिलियन डॉलर है। एवरग्रांड ने चीन के करीब 250 से ज्यादा छोटे या बड़े शहरों में करोड़ों लोगों के घर का सपना पूरा किया है। यही नहीं, एवरग्रांड में करीब 2 लाख कर्मचारी काम करते हैं। ये कंपनी दुनिया भर के स्टील, मेटल समेत रियल एस्टेट से जुड़े कारोबार को प्रभावित करती है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *