हरियाणा के सरकारी अस्पतालों में डॉक्टरों की हड़ताल से कल बंद रहेंगी ओपीडी

गुरुग्राम
हरियाणा में प्राथमिक, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, नागरिक अस्पताल और उप-मंडल अस्पतालों में इलाज के लिए जाने वाले मरीजों को सोमवार को दिक्कत उठानी पड़ सकती है। हरियाणा सिविल मेडिकल सर्विसेज एसोसिएशन के आह्वान पर सरकारी चिकित्सक सोमवार को हड़ताल पर रहेंगे। ये हड़ताल पूरे दिन की होगी और डॉक्टर ओपीडी में नहीं बैठेंगे। ऐसे में कोरोना के बढ़ते खतरे के बीच मरीजों को इलाज के लिए यहां-वहां भटकना पड़ सकता है। डॉक्टरों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांग पूरी नहीं होती, तो वह मंगलवार से इमरजेंसी और पोस्टमॉर्टम सेवाओं को भी बंद कर हड़ताल को अनिश्चितकाल तक जारी रखेंगे। हरियाणा सिविल मेडिकल सर्विसेज एसोसिएशन के जिला प्रधान डॉ. केशव शर्मा ने बताया कि एसोसिएशन ने विभाग में सीधे एसएमओ की भर्ती पर रोक लगाने, डॉक्टरों का स्पेशलिस्ट कैडर बनाने और पीजी पॉलिसी में संशोधन की मांग की थी। सरकार ने इन पर अभी तक भी सहमति नहीं जताई है। उन्होंने बताया कि जिले में एसोसिएशन के करीब 170 डॉक्टर हैं। सोमवार से ये सभी हड़ताल पर रहेंगे। उधर, शनिवार को सेक्टर-10 नागरिक अस्पताल में मरीजों की अच्छी-खासी भीड़ देखने को मिली।

इलाज में होगी दिक्कत
सेक्टर-10 नागरिक अस्पताल में रोजाना ओपीडी 1800 से दो हजार मरीजों की रहती है। इसके अलावा रोजाना करीब 300-300 मरीज सोहना और पटौदी के उपमंडल अस्पताल सहित सेक्टर-31 स्थित पॉलीक्लिनिक में भी जांच कराने के लिए पहुंचते हैं। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर भी प्रतिदिन जांच कराने के लिए आने वाले मरीजों की गिनती काफी लंबी है। औसतन रोजाना तीन हजार मरीजों की जांच होती है। ऐसे में मरीजों को दिक्कत हो सकती है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *