बीजेपी अध्यक्ष वीडी शर्मा ने साधा कांग्रेस पर निशाना, कहा- कांग्रेस चुनाव से भागना चाहती है
भोपाल
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा है कि कांग्रेस पंचायत चुनाव से भागना चाहती है, इसलिए पंचायतों में अपने कार्यकर्ताओं को चुनाव मैदान में उतारने की बजाय वह चुनाव रोकने के लिए कोर्ट में सक्रिय है। भाजपा सरकार चुनाव कराना चाहती है, इसलिए भाजपा के कार्यकर्ता गैरदलीय चुनाव में पंचायत, जनपद और जिला स्तर पर चुनाव में उतरने को तैयार हैं। इधर, कांग्रेस की याचिका पर आज सुप्रीम कोर्ट में पंचायत चुनाव को लेकर सुनवाई टल गई है। अब 13 दिसंबर को सुनवाई होगी।
प्रदेश भाजपा कार्यालय में शर्मा ने कहा कि कांग्रेस जानती है कि चुनाव में जाएंगे तो मुंह की खानी पड़ेगी। अब तक के नतीजों से कांग्रेस के नेतृत्व को इसका आभास हो गया है। इसलिए वह चुनाव रोकने के लिए कोशिश कर रही है। दूसरी ओर भाजपा और हमारी सरकार चुनाव कराकर पंचायतों में त्रिस्तरीय व्यवस्था लागू करना चाहते हैं। इसलिए चुनाव में जुटे हैं और हमारे कार्यकर्ता पंचायत चुनाव के लिए होने वाले नामिनेशन की तैयारी में जुटे हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि बीजेपी सरकार की योजनाओं और नीतियों की बदौलत भाजपा के कार्यकर्ता पंचायतों में चुनाव जीतने में सफल होंगे। इस मौके पर ब्रिगेडियर एपी सिंह के साथ प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने सीडीएस जनरल बिपिन रावत और अन्य शहीदों को श्रद्धासुमन भी अर्पित किए।
