टेंपो में बैठी छात्रा को अश्लील इशारे कर रहा था युवक, विरोध पर दी धमकी, डरी युवती ने लगाई छलांग

अलीगढ़

अलीगढ़ के रोरावर थाना क्षेत्र के खैर रोड पर टेंपो में सवार छात्रा से मनचलों ने छेड़छाड़ की। मनचले की धमकी से डरी छात्रा चलते टेंपो से कूद गई। छात्रा के शोर मचाने पर आरोपी टेंपो छोड़कर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने आरोपी युवकों को कुछ देर बाद ही दबोच लिया। घायल छात्रा को उपचार के बाद अस्पताल से घर भेज दिया।

थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट के अनुसार सारसौल इलाके की एक युवती शहर के ही एक कॉलेज से बीएड की पढ़ाई कर रही है। शुक्रवार की सुबह छात्रा टेंपो में बैठकर कॉलेज जा रही थी। पुलिस के अनुसार इसी बीच पहले से ही टेंपो में बैठे एक युवक ने छात्रा की ओर अश्लील इशारे करना शुरू कर दिया।

एक बार तो छात्रा ने मनचले की हरकत को नजरअंदाज कर दिया। आरोप है कि इसके बाद टेंपो चालक ने साउंड की आवाज तेज कर दी। चालक के पास बैठा युवक छात्रा के पास आकर बैठ गया। कुछ दूरी पर पहुंचते ही आरोपी ने छात्रा से छेड़छाड़ कर दी। विरोध करने पर आरोपी ने धमकी दे डाली। आरोपी की हरकत देख छात्रा दहशत में आ गई।

छात्रा ने चलते टेंपो से छलांग लगा दी। सड़क पर गिरी छात्रा घायल हो गई। छात्रा के शोर मचाने पर आसपास के लोग आ गए। स्थानीय लोगों को आता देख आरोपी टेंपो छोड़कर भाग गए। सूचना मिलते ही इलाका पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायल छात्रा को उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया।

सीओ प्रथम राघवेंद्र सिंह ने कहा, 'चलते टेपों में छात्रा से छेड़छाड़ का मामला सामने आया था। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। दो युवकों को हिरासत में लिया गया है। अभी पूछताछ की जा रही है।'

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *