मुख्यमंत्री चौहान ने स्मार्ट उद्यान में गुलमोहर और अर्जुन का पौधा रोपा

भोपाल

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान स्मार्ट उद्यान में आज प्रसिद्ध शायर मंजर भोपाली के साथ गुलमोहर और अर्जुन का पौधा लगाया। मुख्यमंत्री चौहान को शायर मंजर भोपाली ने “साए में चले आओ” और “तावीज” शीर्षक की पुस्तकें भेंट की। यह सदी हमारी है, उदासी क्यू, लावा, तिशनगी, तावीज, बेटियों के लिए जैसे अपने अनेक काव्य संग्रहों के लिए शायर मंजर जाने जाते हैं।

अंतर्राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त उर्दू शायर मंजर भोपाली ने 17 साल की उम्र में पहली बार मुशायरे में भाग लिया। तीन दशक से अधिक के कैरियर में मंजर भोपाली पाँच महाद्वीपों और दो दर्जन देशों में अनगिनत मुहावरों में अपनी रचनाओं का पाठ कर चुके हैं। मंजर भोपाली को उर्दू और हिंदी साहित्य में योगदान के लिए वर्ष 2018 में मध्यप्रदेश गौरव पुरस्कार से सम्मानित किया गया। मंजर को अनेक राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय सम्मान प्राप्त हुए हैं।

मुख्यमंत्री चौहान ने पौध-रोपण के बाद ट्वीट किया- “साहित्य के साथ पर्यावरण एवं समाज की उन्नति के लिए हरसंभव योगदान के लिए तत्पर रहने वाले मंजर भोपाली जी ने अपने काव्य संग्रह भेंट किये और साहित्य पर उनसे सकारात्मक चर्चा हुई। अपना कार्य करते हुए हम सभी पर्यावरण और समाज सेवा के लिए थोड़ा समय अवश्य निकालें।“ मंजर भोपाली ने कहा कि मुख्यमंत्री चौहान की पौध-रोपण की इस पहल के परिणामस्वरूप बीस साल बाद इस इलाके का दृश्य अलग ही होगा।

आज लगाया गए गुलमोहर को विश्व के सुंदरतम वृक्षों में से एक माना जाता है। गुलमोहर की पत्तियों के बीच बड़े-बड़े गुच्छों में खिले फूल, इस वृक्ष को अलग ही आकर्षण प्रदान करते हैं। गर्मी के दिनों में गुलमोहर के पेड़ पत्तियों की जगह फूलों से लदे हुए रहते हैं। यह औषधीय गुणों से भी समृद्ध है। अर्जुन का वृक्ष औषधीय वृक्ष है, जिसकी छाल एवं रस का उपयोग हृदय एवं क्षय रोग जैसी बीमारियों में लाभ दायक है। सदा हरा रहने वाला यह वृक्ष हिमालय की तराई एवं शुष्क स्थानों पर पाया जाता है। अर्जुन के वृक्ष मध्यप्रदेश में भी काफी मात्रा में पाये जाते हैं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *