मेजर जनरल बनने वाले थे ब्रिगेडियर एलएस लिड्डर

नई दिल्ली
तमिलनाडु के कुन्नूर में हुए हेलिकॉप्टर क्रेैश में जान गवाने वालों में ब्रिगेडियर एलएस लिड्डर भी शामिल थे। उन्हें मेजर जनरल रैंक देने की मंजूरी दी जा चुकी थी, लेकिन उससे पहले ही उनका इस दुखद दुर्घटना में निधन हो गया। उन्हें दिसंबर 1990 में जम्मू-कश्मीर राइफल्स (जेएकेआरएफ) में शामिल किया गया था। ब्रिगेडियर लिड्डर ने कांगो में संयुक्त राष्ट्र शांति सेना के साथ जेएकेआरएफ की एक बटालियन की कमान संभाली थी। उन्होंने भारत की उत्तरी सीमाओं पर एक ब्रिगेड की कमान भी संभाली। उन्होंने सैन्य संचालन निदेशालय में निदेशक के रूप में कार्य किया। ब्रिगेडियर लिड्डर जनवरी 2021 से सीडीएस के रक्षा सहायक थे। ब्रिगेडियर एलएस लिड्डर को मेजर जनरल रैंक देने को मंजूरी दी जा चुकी थी। उन्हें एक डिविजन का प्रभार संभालना था। ब्रिगेडियर लिड्डर के परिवार में पत्नी गीतिका लिड्डर और बेटी आशना लिड्डर है। उनका जन्म 26 जून 1969 को हुआ था। ब्रगेडियर लिड्डर का दिल्ली में अंतिम संस्कार किया जा रहा। उनकी पत्नी, बच्चे और परिवार के अन्य सदस्य सहित जवानों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शुक्रवार को यहां दिल्ली छावनी के बरार स्क्वायर में ब्रिगेडियर लखबिंदर सिंह लिड्डर को श्रद्धांजलि दी। बुधवार को तमिलनाडु के कून्नोर में सैन्य हेलीकॉप्टर दुर्घटना में मारे गए 13 लोगों में चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल बिपिन रावत के रक्षा सहायक ब्रिगेडियर लखबिंदर सिंह लिड्डर भी शामिल थे। तीनों सेना प्रमुखों – थल सेना प्रमुख जनरल एमएम नरवणे, नौसेना प्रमुख एडमिरल आर हरि कुमार और वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल वीआर चौधरी ने भी ब्रिगेडियर एलएस लिड्डर को श्रद्धांजलि दी। एनएसए अजीत डोभाल और हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने भी ब्रिगेडियर लिड्डर को श्रद्धांजलि दी। सेना ने कहा कि अब तक केवल तीन व्यक्तियों – जनरल रावत, उनकी पत्नी मधुलिका रावत और ब्रिगेडियर लिड्डर के नश्वर अवशेषों की पहचान की गई है।

भाजपा नेता राज्यवर्धन राठौर ने मृतक को याद करते हुए कहा, "ब्रिगेडियर लिड्डर सबसे प्रतिभाशाली सैन्य अधिकारियों में से एक थे। उन्होंने जम्मू-कश्मीर में सेवा की थी और उनका पूरा करियर उनसे आगे था।" हेलिकॉप्टर दुर्घटना में शहीद हुए अन्य नौ रक्षा बलों के जवान विंग कमांडर पृथ्वी सिंह चौहान, स्क्वाड्रन लीडर कुलदीप सिंह, जूनियर वारंट अधिकारी राणा प्रताप दास, जूनियर वारंट अधिकारी अरक्कल प्रदीप, हवलदार सतपाल राय, नायक गुरसेवक सिंह, नायक जितेंद्र कुमार, लांस नायक विवेक कुमार और लांस नायक बी साई तेजा हैं। पीड़ितों के शवों को गुरुवार शाम कोयंबटूर के पास सुलूर से पालम हवाई अड्डे पर तिरंगे में लिपटे ताबूतों में लाया गया था। दुर्घटना में जीवित बचे ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह को आगे के इलाज के लिए बेंगलुरु के वायु सेना कमान अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल और केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने पालम एयरबेस का दौरा किया और मृतकों को श्रद्धांजलि दी। केंद्र ने हादसे की 'ट्राई सर्विस' जांच के आदेश दिए हैं। जांच का नेतृत्व एयर मार्शल मानवेंद्र सिंह, एयर ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ ट्रेनिंग कमांड करेंगे। सूत्रों के अनुसार दुर्घटनास्थल से हेलिकॉप्टर का ब्लैक बॉक्स बरामद कर लिया गया है। तमिलनाडु के फोरेंसिक विज्ञान विभाग की एक टीम ने भी दुर्घटनास्थल का दौरा किया।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *