शास्त्री बाजार में चार पहिया वाहनों के प्रवेश पर रोक, चार दुकानें सील

रायपुर। महापौर एजाज ढेबर ने निगम के अधिकारियों से पूछा कि जब थोक बाजार शिफ्ट हो चुका है फिर चार पहिया वाहनों का इतनी बड़ी संख्या में प्रवेश क्यों? इन्ही के कारणों से यहां जाम लग रहा है,आज के बाद नहीं। सख्ती से करें कार्रवाई। तत्काल में चार दुकानों का सील किया गया। उन्होने शुक्रवार सुबह 6.30 बजे से ठेला को छोड़कर किसी भी चारपहिया वाहन को भीतर प्रवेश देने पर रोक लगाने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि अमरदीप टाकीज मटन मार्केट में दुकानें सड़क पर नहीं लगाई जा सकेंगी।

दोनों बाजारों की व्यवस्था की स्थल समीक्षा कर जनहित में जनसुविधा देने के लिए दोनों बाजारों की व्यवस्था को सुधारने के संबंध में आवश्यक निर्देश निगम अपर आयुक्त सुनील कुमार चंद्रवंशी, जोन क्रमांक चार के प्रभारी जोन कमिश्नर लोकेश चंद्रवंशी, जोन स्वास्थ्य अधिकारी चंद्रशेखर श्रीवास्तव एवं संबंधित अधिकारियों की उपस्थिति में दिए। महापौर ढेबर एवं आयुक्त मलिक ने शास्त्री बाजार में वहां से थोक बाजार शिफ्ट होने के बाद भी भारी वाहन बेरोकटोक भीतर जाने एवं प्रतिदिन उससे होने वाले यातायात जाम से हो रही जनअसुविधा को लेकर नाराजगी व्यक्त की।

महापौर एवं आयुक्त के आदेशानुसार शास्त्री बाजार में तत्काल स्थल पर निगम जोन क्रमांक चार के राजस्व विभाग की टीम ने प्रभारी जोन कमिश्नर लोकेश चंद्रवंशी के नेतृत्व में शास्त्री बाजार की चार दुकानों दुकान क्रमांक 18, 20, 24, 27 को थोक एवं चिल्हर सब्जी व्यवसाय का संचालन नियम विरूद्ध तरीके से करना पाया। इन चारों दुकानों पर ताला लगाकर सीलबंद करने की कड़ी कार्यवाही की गई। अमरदीप टाकीज मटन मार्केट की वर्तमान सफाई व्यवस्था को तत्काल अभियान चलाकर सुधारने एवं मार्केट में लोगों एवं व्यापारियों को स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण दिया जाने के निर्देश मातहत अधिकारियों को दिए।मटन मार्केट के सामने सड़क पर किसी भी व्यवसायी को बैठकर व्यवसाय नहीं करने देने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए। इसके साथ ही उन्हें भीतर बैठाकर व्यवसाय करने की सतत निगरानी सुनिश्चित करने निर्देश दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *