भारत में कोरोना वैक्‍सीन के डोज 130 करोड़ के पार, 24 घंटे में लोगों को दिए गए 72 लाख से ज्‍यादा

नई दिल्‍ली
 आबादी के लिहाज से दुनिया के दूसरे सबसे बड़े देश भारत में कोरोना महामारी से बचाव के लिए कोरोना-वैक्‍सीनेशन अभियान जोरों पर है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया है कि, अब तक लोगों को वैक्‍सीन के 130 करोड़ से ज्‍यादा डोज दिए जा चुके हैं। जिसमें से 72 लाख से अधिक डोज कल ही के दिन दिए गए। मंत्रालय का कहना है कि, कल देर रात तक के डेटा का विश्‍लेषण किया जा रहा है और फाइनल रिपोर्ट में आंकड़ा बढ़ने की उम्‍मीद है।
गौरतलब हो कि, भारत में टीकाकरण अभियान 16 जनवरी को शुरू किया गया था, जिसमें पहले चरण में स्वास्थ्य कर्मियों को टीका लगाया गया था। वहीं, फ्रंटलाइन वर्कर्स का टीकाकरण 2 फरवरी से शुरू हुआ था। उसके बाद कोविड-19 टीकाकरण का अगला चरण 1 मार्च से 60 वर्ष से अधिक आयु के लोगों और 45 वर्ष और उससे अधिक आयु के लोगों के लिए शुरू हुआ। उसके बाद 1 अप्रैल से देश में 45 वर्ष से अधिक आयु के सभी लोगों के लिए टीकाकरण शुरू किया गया। इसी तरह फिर 12 साल से अधिक उम्र के लोगों को टीका लगाया जाने लगा। अब केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा है कि भारत में कोविड-19 वैक्सीन की खुराक का कुल आंकड़ा बुधवार को 130 करोड़ के पार हो गया है। बुधवार को शाम 7 बजे तक लोगों को 72 लाख से अधिक टीके लगाए गए।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *