शौहर ने बीवी के मायकेवालों से की दो लाख की डिमांड, न देने पर देवर ने रेप कर घर से निकाला

बस्‍ती

उत्‍तर प्रदेश के बस्‍ती में दहेज उत्‍पीड़न, रेप और जबरन गर्भपात का एक मामला सामने आया है। पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र की रहने वाली इस महिला की शादी कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ले में हुई थी। महिला ने आरोप लगाया है कि शादी के कुछ ही दिनों बाद ही ससुराल में शौहर और उसके परिवार के लोगों ने दहेज के लिए उत्‍पीड़न करना शुरू कर दिया। शौहर ने बीवी के परिवारवालों से दो लाख रुपये की डिमांड की। जबरन गर्भपात भी करा दिया। अक्‍सर मारपीट कर जानमाल की धमकी देने लगा। महिला का आरोप है कि उसके देवर ने उसके साथ रेप भी किया।

इस घटना के बाद ससुरालवालों ने महिला के जेवर अपने कब्‍जे में करके उसे घर से निकाल दिया। पुलिस ने महिला के शौहर इम्तियाज अहमद समेत 11 लोगों के खिलाफ आईपीसी की धारा 498ए, 323, 312, 376, 504, 506, 406 व डीपी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
इन महिलाओं को कार और बुलेट के लिए किया गया परेशान

महिला थाना और मुंडेरवा पुलिस ने दहेज उत्पीड़न के दो अन्य मामलों में भी मुकदमा दर्ज किया है। वर्तमान में गोरखपुर के बासगांव थाना क्षेत्र की रहने वाली विवाहिता की शादी मुंडेरवा थाने के कराह पिठिया में हुई है। एक पीड़ि‍ता की मां ने तहरीर में आरोप लगाया है कि उनकी बेटी से ससुराल में कार की मांग की गई। पूरा न होने पर उसे मारपीट कर प्रताड़ित किया और जानमाल की धमकी दी गई। महिला थाने में तहरीर देकर रुधौली थाना क्षेत्र के पिपरपाती खुर्द की रहने वालीं महिला ने आरोप लगाया है कि उसके पति समेत अन्य ससुरालियों ने शादी में बुलेट बाइक की डिमांड की और कम दहेज मिलने का ताना देकर मारपीट की। छोटी-छोटी बात पर भी बुरी तरह मारपीट की गई। दोनों घटनाओं में पुलिस ने केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *