तीसरी लहर के डर से छतरपुर के व्यापारी ने खाया जहर
छतरपुर
कोरोनावायरस (COVID-19) के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन (Omicron) ने पूरी दुनिया में हाहाकार मचाकर रखा हुआ है। सरकार से लेकर आम आदमी तक इसके खौफ में हैं।जिसके चलते शहर से लेकर गांव तक में अलर्ट जारी कर रखा है। डॉक्टर से लेकर वैज्ञानिक तक ने इसको खतरनाक बताते हुए तीसरी लहर की आशंका जता रहे हैं। इसी बीच मध्य प्रदेश के छतरपुर में एक बिजनेसमैन ओमिक्रॉन के खौफ में इस कदर आ गया कि उसने अपनी जिंदगी समाप्त करने का फैसला कर लिया। तीसरी लहर के डर में उसने जहर तक खा लिया।
दरअसल, हैरान कर देने वाला ये मामला छतरपुर जिले के खड़गांय गांव का है। यहां के रहने वाले कपड़ा व्यापारी अंशुल विनय शर्मा तीसरी लहर से इतना डर गए कि आने से पहले ही उन्होंने आत्महत्या करने की ठान ली। आनन-फानन में परिवार के लोग युवक को जिला अस्पताल में लेकर गए। जहां डॉक्टरों ने समय रहते उसकी जान बचा ली।
बता दें कि युवक की गांव में ही कपड़े की दुकान है और वह बाजार के दिन आसपास के गांवों में दुकान लगाने भी जाते हैं। पिछले दो साल से उनका व्यपार ठंडा पड़ा हुआ है। इस बीच कोरोना और लॉकडाउन के चलते उन्हें काफी घाटा भी हुआ। उन्होंने जो जमा पूंजी रखी हुई थी वह भी अपने परिवार के पालन-पोषण में खर्च कर दी। लेकिन उन्हें लगने लगा कि अब तीसरी लहर आ रही है, पता नहीं फिर क्या होगा। में पहले ही टूट चुका हूं, अब मुझमें इतना सहने की हिम्मत नहीं है। मेरा परिवार तो जीते जी मर जाएगा, मैं पूरी तरह से बर्बाद हो जाऊंगा। यही सोचते हुए युवक ने आत्महत्या करने कोशिश की।
