देवरबीजा पीएचसी 98.3 प्रतिशत अंक के साथ रहे कायाकल्प अवार्ड के विनर
बेमेतरा
जिले के बेरला ब्लॉक के अंतर्गत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हेल्थ एंड वेलनेस सेन्टर देवरबीजा ने अस्पतालों में स्वच्छता एवं बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं के प्रबंधन के जरिये एक बार फिर से जिला स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त किया है। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की श्रेणी के अलावा बेमेतरा जिला अस्पताल ने प्रदेशभर में 5वां स्थान के साथ सांत्वना पुरस्कार प्राप्?त किया है। पीएचसी देवरबीजा ने इस बार 98.3 प्रतिशत अंक हासिल किया है। जबकि जिला अस्पताल श्रेणी में 85.9 प्रतिशत अंक मिले हैं। कायाकल्प स्वच्छ अस्पताल योजना 2020-21 के तहत 2 लाख रुपए की पुरस्कार राशि सरकारी अस्पतालों को प्रोत्साहन में प्रदान की जाती है।
इस सम्बन्ध में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन छत्तीसगढ़ के मिशन संचालक की ओर से पत्र जारी कर राज्य में कायाकल्प पुरस्कारों की घोषणा की गयी है। जल्द ही राज्य स्तर पर कायाकल्प अवार्ड समारोह आयोजित कर पुरस्कारों का वितरण किया जाएगा। प्रदेश में स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत स्वच्छ अस्पताल योजना वर्ष 2015 से संचालित की जा रही है। इस परिप्रेक्ष्य में कायाकल्प अभियान मई 2015 से प्रारंभ किया गया है। कायाकल्प अभियान के अंतर्गत प्रदेश में संचालित स्वास्थ्य संस्थाओं में सफाई प्रबंधन, रोग संक्रमण नियंत्रण, भवन एवं परिसर, सौंदर्यकरण, रुग्ण सेवा में सुधार के लिए समयबद्ध कार्यक्रम घोषित किया गया था । जिसके अंतर्गत आंतरिक मूल्यांकन, सहकर्मी मूल्यांकन एवं बाह्य मूल्यांकन की प्रक्रिया की गई जाती है जिसके आधार पर प्रदेश स्तरीय पुरस्कार प्रदान किए जाते हैं।
इस बारे में सीएमएचओ डॉ. प्रदीप कुमार घोष ने बताया, कायाकल्प अवार्ड ने सरकारी अस्पतालों में मिलने वाली सुविधाओं की ओर लोगों का भरोसा जीता है। सरकारी अस्पताल में ओपीडी और आईपीडी की सुविधाओं और मेडिकल स्टाफ के व्यवहार में भी सकारात्मक परिवर्तन लाने के लिए कार्य किया गया है। जिला अस्पताल के अधीक्षक डॉ. वंदना भेले और पीएचसी देवरबीजा के सहायक चिकित्सा अधिकारी खिया सिंह पटेल की टीम ने स्वच्छता पर आधारित गाइड के अनुसार आपसी तालमेल के साथ टीम भावना से बेहतर कार्य किए हैं।
