वेटर ने जुगाड़ से बचाया- गले में खाना फंसा और होटल में ही बेहोश हो गया शख्स
नई दिल्ली
सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें एक शख्स किसी होटल में बैठा खाना खा रहा है। इस दौरान वह एक कुर्सी पर बैठा हुआ है और उसके सामने टेबल रखी हुई है। जैसे ही वह खाना शुरू करता है, उसके गले में खाना फंस जाता है और वह वहीं बेहोश हो जाता है। उसे बेहोश देखकर आसपास के लोग डर जाते हैं। लेकिन उस होटल के एक वेटर ने कमाल कर दिया। दरअसल, यह घटना ब्राजील के एक होटल से सामने आई है। इस वीडियो को वहीं के एक टीवी रिपोर्टर में अपने ट्विटर पर शेयर किया है। उसने बताया कि इस शख्स के गले में खाना अटक गया था और उसका दम घुटने लगा था। वीडियो में भी दिख रहा है कि होटल में यह शख्स खाना खा रहा था उसके गले में खाना अटक जाता है। जिसके बाद वो बुरी तरह से तड़पने लगता है और बेहोश हो जाता है।
शख्स को देखकर अन्य ग्राहक इधर-उधर भागने लगे, तभी वहां एक वेटर पहुंच गया। कुछ लोग इस शख्स को उठाने की कोशिश में लगे थे, लेकिन वेटर को यह बात समझ आ गई कि खाना गले में अटकने की वजह से यह हादसा हुआ है। वेटर ने बेहोश शख्स को पीछे से पकड़कर जोर-जोर से झटका देना शुरू कर दिया और उसकी पीठ पर थपकी देनी शुरू कर दी। वेटर के साथ ही वहां मौजूद एक पुलिसकर्मी भी शख्स की पीठ को हिलाने डुलाने लगा। तभी अचानक शख्स के गले में फंसा खाना बाहर आ जाता है और वह शख्स फिर से सांस लेना शुरू कर देता है। इस तरह वेटर ने अपने जुगाड़ से शख्स की जान बचा ली। इस घटना का वीडियो वायरल होते ही लोग उसकी तारीफ करने लगे।
