लीकेज वाले स्थान पर निगम ने लगाए बैरिकेड्स, दो अज्ञात पर दर्ज हुआ प्रकरण

भोपाल
कोलार इलाके में कोलार पाइप लाइन के लीकेज से आरओ कंटेनर में पानी भरने का वीडियो वायरल होने के बाद अब निगम प्रशासन ने यहां पर सख्ती शुरू कर दी है। इस पूरे लीकेज को निगम प्रशासन ने बैरिकेड्स से बंद कर दिया है। हालांकि बैरिकेडिंग के बाद भी लोग यहां से पानी भरते हुए देखे जा सकते हैं। बताया जा रहा है कि इस स्थान पर पानी भरने वालों पर नजर रखने के लिए यहां पर स्थित एक निजी मैरिज गार्डन को सीसीटीवी लगाने को भी कहा गया है। वहीं, खाद्य सुरक्षा अधिकारी भोजराज सिंह धाकड़ ने इस मामले में दो अज्ञात लोगों के खिलाफ कोलार थाने में एफआईआर दर्ज कराई है। वीडियो में दो लोग लीकेज से कंटेनरों में पानी भरते दिखाई दे रहे हैं। वह लोडिंग आटो में कंटेनर लेकर आए थे। कोलार थाने के टीआइ चंद्रकांत पटेल ने बताया कि दो अज्ञात लोगों पर एफआइआर दर्ज की गई है।

कोलार डैम से आने वाली कोलार पाइपलाइन में कोलार क्षेत्र में जगह-जगह लीकेज से निकलने वाला पानी लोग भरते हैं। जिन जगहों पर पाइपलाइन पर लीकेज हैं, उनके पास नाले भी हैं। ऐसे में कई बार नाले का गंदा पानी साफ पानी में मिल जाता है। बता दें कि शहर के उपनगर कोलार में 2017 से केरवा डैम से पाइपलाइन व टंकियों के जरिए पानी की आपूर्ति शुरू हो चुकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *