टिकट मांगने पर पार्टी से बाहर का रास्ता दिखाती हैं बहन जी: ऋषि चौहान
अलीगढ़
समाजवादी पार्टी में शामिल हुए बसपा से मंडल कोआर्डिनेटर रहे ऋषि चौहान ने कहा कि बसपा अपनी रीति-नीति से भटक चुकी है। पार्टी में वाल्मीकि समाज को सम्मान नहीं दिया जाता, न ही राज्यसभा और लोकसभा की टिकट दी जाती। टिकट मांगने पर बहन जी पार्टी से बाहर का रास्ता दिखा देती हैं। रामघाट रोड स्थित होटल में रविवार को आयोजित प्रेसवार्ता में उन्होंने कहा कि यही वजह है कि 25 साल तक बसपा में विभिन्न जिम्मेदारियां निभाने के बाद पार्टी से उनका मोह भंग हो गया। पूर्व एमएलसी महेश आर्य ने कहा कि दो साल पहले वह भी बसपा छोड़कर सपा में शामिल हुए थे। बसपा के बैनर तले समाज के हित में लड़ाई नहीं लड़ी जा सकती। सपा ने प्रत्येक वर्ग और समाज को सम्मान दिया है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में कानून व्यवस्था ध्वस्त है। डेढ़ करोड़ नौकरियां खत्म कर दी गईं। शराब प्रकरण में आरोपित रेनू शर्मा की मौत पर उन्होंने कहा कि सपा शुरू से प्रकरण में सीबीआइ जांच की मांग कर रही है। लेकिन सरकार ने कोई सुनवाई नहीं की। रेनू शर्मा की मौत की यही वजह है। जांच होती तो निर्दोष लोग जेल न जाते। प्रेसवार्ता में पूर्व विधायक जफर आलम, जिलाध्यक्ष गिरीश यादव, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य विनोद सविता, पूर्व महानगर अध्यक्ष अज्जू इश्हाक, मनोज यादव, डा. गुलिस्ताना भी मौजूद थे।
