एक्शन थ्रिलर ‘कंधार’ में जेरार्ड बटलर के साथ नजर आएंगे अली फजल
बॉलीवुड अभिनेता अली फजल हॉलीवुड स्टार जेरार्ड बटलर की आगामी फिल्म ‘कंधार’ की टीम के साथ जुड़ गए हैं और जल्द ही इसकी शूटिंग शुरू करेंगे। ‘कंधार’ एक एक्शन-थ्रिलर फिल्म है, जिसका निर्देशन रिक रोमन वॉ कर रहे हैं जिन्होंने ‘एंजेल हैस फॉलन’, ‘फेलॉन’, ‘ग्रीनलैंड’ जैसी फिल्मों का निर्देशन किया है। इस लिस्ट में जेके सिमंस के साथ आने वाली एक फिल्म ‘नेशनल चैंपियंस’ भी शामिल हैं। ‘फ्यूरियस 7’ और ‘विक्टोरिया एंड अब्दुल’ जैसी अंतरराष्ट्रीय फिल्मों में काम कर चुके अली फजल ने ‘कंधार’ का हिस्सा बनने पर खुशी जताई। अली ने बयान जारी कर कहा, ह्यह्यमैं हमेशा नए और रोमांचक किरदारों के लिए उत्सुक एवं तत्पर रहता हूं। हम जल्द ही फिल्म की शूटिंग और प्रोडक्शन का काम शुरू करेंगे। ‘कंधार’ पटकथा पर आधारित है, जिसे निर्देशक ने पूर्व सैन्य खुफिया अधिकारी मिशेल लाफॉर्च्यून के साथ मिलकर बनाया था। अफगानिस्तान में डिफेंस इंटेलिजेंस एजेंसी में मिशेल के अनुभवों ने कहानी को आकार दिया है और फिल्म की मुख्य फोटोग्राफी जल्द ही सऊदी अरब में शुरू होने की उम्मीद है। फिल्म का निर्माण ‘जॉन विक’ और ‘सिसेरियो’, जी-बेस और कैपस्टोन ग्रुप के निमार्ता थंडर रोड फिल्म्स द्वारा किया जा रहा है। वहीं अली जल्द ही आरती कदव की एक अनटाइटल्ड फिल्म में नजर आएंगे। अभिनेता ने कुछ दिन पहले अपने इंस्टाग्राम पर फ्यूचरिस्टिक स्पेस फिल्म का पहला लुक साझा किया था। फिल्म में जेरार्ड बटलर पश्चिम एशिया में सक्रिय अमेरिकी खुफिया एजेंसी ‘सीआईए’ के अधिकारी टॉम हैरिस की भूमिका में नजर आएंगे। फिल्म में अली का किरदार किस तरह का होगा, इसे लेकर अभी जानकारी साझा नहीं की गयी है। ‘कंधार’ 11 फरवरी 2022 को रिलीज होगी।
