सरकार की योजनाओं का फीडबैक लेंगे राज्यपाल, एपी सिंह विवि के 9वें दीक्षांत समारोह में होंगे शामिल

रीवा
राज्यपाल मंगुभाई पटेल तीन दिवसीय प्रवास पर रीवा जाएंगे। यहां केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का फीडबैक लेने के लिए राज्यपाल हितग्राहियों से सीधा संवाद करेंगे। रीवा प्रवास के दौरान सात दिसम्बर को राज्यपाल पटेल रीवा अल्ट्रा मेगा सोलर पावर प्लांट का भ्रमण करेंगे। इसके बाद रीवा-सीधी चुरहट बाईपास में निमार्णाधीन टनल परियोजना का अवलोकन करेंगे और वहां से लौटने के उपरंत रीवा से कटनी के लिए प्रस्थान करेंगे।

राज्यपाल तीन दिवसीय प्रवास पर आज रीवा पहुंचेंगे। यहां रात्रि विश्राम के बाद राज्यपाल कल अवधेश प्रताप सिंह विश्वविद्यालय में आयोजित 9 वें दीक्षांत समारोह में शामिल होंगे। राज्यपाल सैनिक स्कूल रीवा का भ्रमण भी करेंगे। वे 7 दिसम्बर को बदवार सीएफटी भवन पहुंचकर वहां विभिन्न योजनाओं के लाभान्वित हितग्राहियों से चर्चा करेंगे तथा प्रमाण पत्र वितरित करेंगे। राज्यपाल बदवार के आंगनवाड़ी केन्द्र नम्बर 5 तथा प्राइमरी स्कूल भी जाएंगे और छात्रों से संवाद करेंगे। राज्यपाल यहां प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों से भी संवाद करेंगे। गौरतलब है कि इसके पहले राज्यपाल पटेल छिंदवाड़ा जिले के पातालकोट पहुंचे थे। वहां दो दिन रुककर उन्होंने स्थानीय नागरिकों से संवाद किया था और सरकार की योजनाओं के लाभ मिलने की जानकारी ली थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *