ओमिक्रॉन संकट के बीच कोरोना के नए मामलों में आई कमी, 8190 लोगों ने महामारी को दी मात

नई दिल्ली
कोरोना वायरस के नए वेरिएंट ओमिक्रॉन ने भारत में भी दस्तक दे दी है। अभी तक कर्नाटक में दो ओमिक्रॉन मामले की पुष्टि हुई हैं, जिसे देखते हुए क्रेंद्र और राज्य सरकारें सतर्क हो गई हैं। इस बीच केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने शनिवार को कोविड-19 के नए मामलों का आंकड़ा जारी किया। राहत की खबर ये है कि बीते दिनों के मुकाबले आज संक्रमितों की संख्या में कमी आई है। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक पिछले 24 घंटे में देशभर से कोरोना वायरस के 8,603 नए मामले सामने आए हैं, जबकि इस दौरान 415 लोगों की मौत हुई।

गौरतलब है कि देश में कोरोना वायरस के नए वेरिएंट को लेकर लोग डरे हुए हैं, सरकार ने भी जनता को अधिक सावधानी बरतने की सलाह दी है। वहीं, बीते शुक्रवार कोविड-19 के 9216 नए केस सामने आने के बाद चिंता बढ़ गई थी। हालांकि शनिवार को थोड़ी राहत की खबर मिली और नए मामलों में गिरवाट देखी गई। इस बीच 8,190 लोगों ने महामारी को मात भी दी, अब तक कुल 34053856 लोग कोरोना वायरस से ठीक हो चुके हैं। वहीं, वर्तमान में एक्टिव मामलों की संख्या 99974 है। टीकाकरण की बात करें तो यह आंकड़ा 126 करोड़ को पार कर चुका है। अब तक कुल 126534497 लोगों को कोविड वैक्सीन की पहली या दूसरी डोज लगाई जा चुकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *