फसल बीमा योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करें – कृषि मंत्री पटेल

भोपाल

किसान-कल्याण तथा कृषि विकास मंत्री कमल पटेल ने शुक्रवार को हरदा जिला मुख्यालय से प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के प्रचार-प्रसार के लिये तैयार किये गये तीन वाहनों को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया। तीनों वाहन जिले के अलग-अलग क्षेत्रों के ग्रामों में प्रतिदिन भ्रमण कर ग्रामीणों को फसल बीमा योजना और उसके लाभ के बारे में बताएँगे।

मंत्री पटेल ने कहा कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में प्रदेश सरकार दिन-रात किसानों की भलाई के लिये कार्य कर रही है। पहले किसानों को फसल बीमा के नाम पर बहुत कम राशि मिलती थी। पिछले वर्षों में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केन्द्र सरकार द्वारा नई फसल बीमा योजना जब से लागू की गई है। किसानों को फसल क्षति पर भरपूर बीमा राशि मिलने लगी है।

मंत्री पटेल ने किसानों से 31 दिसम्बर से पूर्व रबी की फसलों का बीमा कराने की अपील की। उन्होंने कहा कि बीमित फसलों की मुआवजा राशि प्रदान करने में आसानी होगी, सभी किसान भाई समय-सीमा का ध्यान रखते हुए बीमा कराएँ। कार्यक्रम में नगर पालिका उपाध्यक्ष दीपक शर्मा सहित अन्य जन-प्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद थे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *