पेसेंजर्स को देना होगा वैक्सीन सर्टिफिकेट
भोपाल
देश में कोरोना के ओमिक्रोन वेरियंट के मरीज मिलने के बाद राजधानी के राजा भोज एयरपोर्ट में कोविड जांच को लेकर सख्ती बढ़ा दी गई है। शहर में हवाई यात्रा करने वालों पर विशेष नजरें रखी जा रही है। एयरपोर्ट पर विशेष काउंटर लगाकर आवागमन करने वाले यात्रियों की जांच लगातार जारी है। ऐसे में एयरलाइंस कंपनियों ने घरेलू यात्रा करने वालों को वैक्सीन के फाइनल डोज का सर्टिफिकेट साथ रखने की सलाह दी है। घरेलू उड़ानों में यात्रा करने वालों की आकस्मिक जांच की जा रही है। संभागायुक्त गुलशन बामरा के निर्देश के बाद एयरपोर्ट पर दो स्वास्थ्य कर्मियों को तैनात किया गया है, जो लगातार यात्रियों की पड़ताल कर रहे हैं। एयरपोर्ट डायरेक्टर केएल अग्रवाल के अनुसार संदिग्ध यात्री को रोककर सैंपल लिए जा सकते हैं। हालांकि अभी तक ऐसा कोई मामला नहीं आया है। यात्रियों की थर्मल स्क्रीनिंग की जा रही है। विभागीय अफसरों की मानें तो महाराष्ट्र सरकार ने हाल ही में घरेलू यात्रियों के लिए अलग गाइडलाइन जारी की थी। इसके अनुसार यात्रियों को टीके के दूसरे डोज का कम से कम 14 दिन पुराना सर्टिफिकेट या फिर 72 घंटे पहले की निगेटिव रिपोर्ट साथ रखने को कहा था। भोपाल से मुंबई एवं पुणे की सीधी उड़ान है। अथॉरिटी ने इन दोनों शहरों की ओर जाने वाले यात्रियों को इस गाइडलाइन की जानकारी दी जा रही है।
