मुंबई में सीरीज के दूसरे और आखिरी टेस्ट के पहले दिन बारिश बन सकती विलेन

मुंबई

भारत और न्यूजीलैंड के बीच 3 दिसंबर (शुक्रवार) से खेले जाने वाले सीरीज के दूसरे और आखिरी टेस्ट के पहले दिन बारिश विलेन बन सकती है। मैच मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाना है। मुंबई की बेमौसम बारिश का असर वानखेड़े की पिच पर भी पड़ सकता है। माना जा रहा है कि इससे पिच से गेंदबाजों को मदद मिल सकती है। सीरीज का पहला टेस्ट मैच ड्रॉ पर छूटा था, ऐसे में यह दोनों टीमों के लिए निर्णायक टेस्ट होगा। विराट कोहली की टीम में कप्तान के तौर पर वापसी होगी।

बुधवार को पूरे दिन बारिश के कारण दोनों टीमों को अपने ट्रेनिंग सेशन रद्द करने पड़े। गुरुवार को भी बारिश की भविष्यवाणी की गई है और आउटफील्ड गीली रहेगी। भारतीय टीम ऐसे में बांद्रा कुर्ला परिसर मैदान जाएगी जहां इंडोर प्रैक्टिस की सुविधा है जबकि वानखेड़े स्टेडियम में ऐसा नहीं है। वानखेड़े स्टेडियम की पिच पर बिल्कुल भी घास नजर नहीं आ रही है जिससे धीमे गेंदबाजों को मदद मिल सकती है। शुक्रवार से होने वाले टेस्ट में हालांकि वानखेड़े की पिच से तेज गेंदबाजों और स्पिनरों दोनों को मदद मिलने की उम्मीद है। लगातार बारिश के कारण पिच को ढककर रखा गया है जिसके कारण सतह के नीचे काफी नमी होगी। अतिरिक्त नमी से निश्चित तौर पर तेज गेंदबाजों को कानपुर से अधिक मदद मिलेगी, लेकिन इस तरह के विकेट से स्पिनरों को भी काफी टर्न मिलेगा।

शुक्रवार को बारिश की भविष्यवाणी है लेकिन दोनों टीमें खासकर भारत प्रार्थना करेगा कि दूसरे से पांचवें दिन मौसम का खलल नहीं हो। सभी की नजरें इस मैच के लिए भारतीय टीम के कॉम्बिनेशन पर भी टिकी हैं। प्लेइंग XI में कप्तान विराट कोहली की वापसी से मयंक अग्रवाल का बाहर होना लगभग तय है क्योंकि हेड कोच राहुल द्रविड़ और गेंदबाजी कोच पारस महाम्ब्रे सहित सहयोगी स्टाफ ने अजिंक्य रहाणे का समर्थन किया है जो खराब फॉर्म से जूझ रहे हैं।

गर्दन में जकड़न के कारण विकेटकीपर ऋद्धिमान साहा बाहर हो सकते हैं और उनकी जगह श्रीकर भरत को डेब्यू करने का मौका मिल सकता है। वह शुभमन गिल के साथ पारी का आगाज कर सकते हैं। तेज गेंदबाजी के अनुकूल हालात को देखते हुए मोहम्मद सिराज को इशांत शर्मा की जगह टीम में शामिल किया जा सकता है या फिर ये दोनों उमेश यादव के साथ तेज गेंदबाजी तिकड़ी बना सकते हैं और ऐसी स्थिति में अक्षर पटेल को बाहर बैठना होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *