बलिया में पत्नी ने नहीं दिए दो लाख तो शौहर ने दिया तलाक
बलिया
दहेज के रूप में बीवी से दो लाख रुपये नहीं मिला तो शौहर ने तीन तलाक दे दिया। आंखों में आंसू लिए पीड़िता ने अधिकारियों के यहां न्याय की गुहार लगा रही है। मनियर थानाक्षेत्र के चोरकैंड निवासी शाहीन अफरोज ने डीएम से मिलकर पूरे मामले से अवगत कराते हुए न्याय की गुहार लगायी है।
उन्होंने लिखा है कि चोरकैंड निवासी तसलीम शेख हबीबी से वर्ष 1992 में शादी हुई थी। विवाह के एक माह बाद ही दहेज के रूप में पति एक लाख रुपये की मांग करने लगा। गरीब होने के नाते पिता पैसा नहीं दे सके तो इससे नाराज होकर पति मारपीट करता था। आरोप है कि शादी के दो साल बाद उसने एक अन्य लड़की से शादी कर लिया और उसे लेकर उड़ीसा के सुंदरगढ़ में रहने लगा। शाहीन का कहना है कि 24 नवम्बर को मेरा शौहर मेरे बहन के घर नगरा आया, जहां से साथ लेकर चोरकैंड पहुंचा तथा साथ रखने के लिये दो लाख रुपये की डिमांड करने लगा। जब मैंने पैसे नहीं होने की बात कही तो उसने तीन तलाक दे दिया। पीड़िता के अनुसार डीएम ने इस मामले में कार्रवाई करने का भरोसा दिया है।
