ओमिक्रॉन न मचा दे दूसरी वेव जैसा कोहराम, यूपी-बिहार से लेकर कर्नाटक तक कई राज्यों में अलर्ट; कोरोना नियम हुए सख्त
नई दिल्ली लखनऊ पटना
दुनियाभर में कोरोना के नए स्वरूप ओमीक्रोन के बढ़ते खतरे के बीच भारत सरकार ने कमर कस ली है। वहीं, राज्यों में इसे लेकर डर का माहौल बना हुआ है। कई राज्यों की सरकारों ने एहतियातन कदम भी उठाने शुरू कर दिए हैं। दिल्ली, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, कर्नाटक, पंजाब, बिहार समेत कई राज्यों ने कोरोना संबंधित नियमों को कड़ा कर दिया है। कोरोना की दूसरी लहर में जो गलतियां हुईं थीं उनसे सबक लेकर कई राज्य स्वास्थ्य सुविधा को बढ़ाने में जुट गए हैं। आइए जानते हैं किस राज्य ने क्या तैयारी की है।
बिहार सरकार ने फैसला किया है कि कोविड की रोकथाम के लिए बनाए गए नियमों का पालन नहीं होने पर मंडी और दुकानों को अस्थाई तौर पर बंद कर दिया जाएगा। सरकार ने भीड़भाड़ वाले स्थान, जिसमें सब्जी मंडी और बाजार आदि शामिल हैं, वहां कोरोना की रोकथाम को लेकर जिला प्रशासन को यह अधिकार दिया है। ऐसे स्थानों पर यदि कोरोना प्रोटोकॉल का उल्लंघन होता है तो जिला प्रशासन उन्हें अस्थाई तौर पर बंद करने के साथ अन्य सख्त कार्रवाई भी कर सकता है।
आपदा प्रबंधन समूह (सीएमजी) की बैठक में लिए गए फैसलों के बाद गृह विभाग द्वारा अनलॉक-10 के दिशा-निर्देश मंगलवार को जारी कर दिए गए। यह 1-15 दिसम्बर तक के लिए प्रभावी होगा। हालांकि अनलॉक-9 में जो दिशा-निर्देश दिए गए उन्हें भी इसमें लागू रखा गया है। ओमीक्रोन को देखते हुए कुछ एहतियात बरतने के भी निर्देश अनलॉक-10 में दिए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग को हवाई जहाज से आनेवाले यात्रियों की निश्चित रूप से कोरोना जांच करने को कहा गया है। 72 घंटे की आरटीपीसीआर की निगेटिव रिपोर्ट जिसके पास होगी, उन्हें इस जांच से छूट दी गई है। वहीं, जिन देशों में ओमीक्रोन वेरिएंट के मरीज पाए गए हैं, वहां से आनेवाले यात्रियों की विशिष्ट रूप से जांच कराई जाएगी। साथ ही, वैसे देशों से आनेवाले यात्रियों को क्वारंटाइन करने पर भी विचार किया जा सकता है। स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिया गया है कि हाल में ही विदेश से आए बिहार के रहनेवाले यात्रियों की सूची भारत सरकार ने भी दी है उन्हें दो दिन में ट्रैक कर जांच कराई जाए। आवश्यकतानुसार उन्हें आईसोलेशन में रखने की कार्रवाई की जाए।
