भारतीय महिला फुटबॉल टीम को चिली से 0-3 से मिली शिकस्त

मानौस (ब्राजील)
भारतीय महिला फुटबॉल टीम को सोमवार को चार देशों के टूर्नामेंट के अपने दूसरे मैच में चिली से 0-3 से शिकस्त झेलनी पड़ी। स्ट्राइकर मारिया उरुतिया (14वें मिनट) ने चिली को पहले हाफ में बढ़त दिलाई जबकि इसिदोरा हर्नांडेज (84वें मिनट) और कारेन अराया (85वें मिनट) ने भारत की वापसी की उम्मीदें तोड़ दी।

भारत ने ब्राजील के खिलाफ शिकस्त झेलने वाली टीम में तीन बदलाव किए। गोलकीपर अदिति चौहान की जगह एम लिनतोइगांबी देवी को और कमला देवी व डेंगमेई ग्रेस की जगह मार्टिना थोकचोम और मनीषा पन्ना को उतारा। भारत के लिए पहला मौका ब्राजील के खिलाफ गोल करने वाली मनीषा कल्याण ने बनाया, लेकिन छठे मिनट में उनका शॉट सीधा विरोधी गोलकीपर के हाथों में चला गया।

चिली ने इसके बाद मैच पर नियंत्रण बनाया। दायें छोर से मारिया रोजस के क्रॉस पर जेविएरा टोरो के प्रयास को लिनतोइगांबी ने नाकाम किया। एक मिनट बाद हालांकि चिली ने रोजस के पास पर मारिया के गोल से बढ़त बना ली। मध्यांतर तक चिली की टीम ने 1-0 की बढ़त बरकरार रखी। दूसरे हाफ के 66वें मिनट में भारत ने अच्छा मूव बनाया।

मनीषा ने गेंद को 20 साल की स्थानापन्न खिलाड़ी डेंगमेई की ओर बढ़ाया लेकिन उनके शॉट को एंडलर ने रोक दिया। हालांकि जब लग रहा था कि भारत हार के अंतर को कम रखने में सफल रहेगा तब चिली ने दो मिनट के भीतर दो गोल दागकर 3-0 से जीत सुनिश्चित की। भारत अपना अंतिम मैच बृहस्पतिवार को वेनेजुएला के खिलाफ खेलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *