शीतकालीन सत्र 2021: स्वास्थ्य मंत्री राज्यसभा में बोले, भारत में ओमिक्रोन वैरिएंट का कोई मामला नहीं
नई दिल्ली
संसद के शीतकालीन सत्र के पहले दिन विपक्ष के 12 सदस्यों क निलंबन का मुद्दा दोनों सदनों में गरमाया रहा। राज्यसभा में कांग्रेस के नेता मल्लिकार्जुन खडगे ने सांसदों के निलंबन का मुद्दा उठाया। उन्होंने इस कार्रवाई को नियमों के खिलाफ बताते हुए निलंबन वापस लेने का अनुरोध किया, जिसे राज्यसभा के सभापति एम वेंकैया नायडू ने खारिज कर दिया। इससे पहले इस मुद्दे पर आगे की रणनीति तय करने के लिए विपक्ष की बैठक हुई। इसमें कांग्रेस नेता राहुल गांधी और आम आदमी पार्टी भी शामिल हुई। वहीं, अगर सरकार इनका निलंबन वापस नहीं लेती है तो विपक्ष पूरे सत्र का बहिष्कार कर सकता है। मानसून सत्र में इन सांसदों ने अशोभनीय आचरण किया था। सदन के अंदर तोड़फोड़, आसन पर पेपर फेंकने, टेबल पर चढ़कर डांस करने और मार्शल के साथ अभद्रता के आरोप थे।
एनआरसी तैयार करने का कोई निर्णय नहीं
गृह मंत्रालय ने लोकसभा में एक प्रश्न के लिखित उत्तर में बताया कि अब तक, सरकार ने राष्ट्रीय स्तर पर भारतीय नागरिकों का राष्ट्रीय रजिस्टर (NRIC) तैयार करने का कोई निर्णय नहीं लिया है।
भारत में ओमिक्रोन का कोई मामला नहीं
राज्यसभा में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डा. मनसुख मंडाविया ने बताया कि भारत में अब तक कोरोना वायरस के ओमिक्रोन वैरिएंट का कोई मामला दर्ज नहीं किया गया है।
निलंबन पर विपक्षी की एक और बैठक
राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे के कार्यालय में 12 राज्यसभा सांसदों के निलंबन को लेकर विपक्षी नेता एक और बैठक कर रहे हैं। मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा जिन 12 सदस्यों को निलंबित किया गया उन्हें वापस लेने के लिए आज हम अध्यक्ष महोदय से मिले और उनसे आग्रह किया गया। पिछले सत्र में जो घटना हुई थी फिर उसे उठाकर फिर से सदस्यों को निलंबित करना गैरक़ानूनी है और नियमों के खिलाफ है।
संसद परिसर में विपक्ष का प्रदर्शन
12 सांसदों के निलंबन को लेकर विपक्षी नेता संसद परिसर में महात्मा गांधी की प्रतिमा पर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। राज्यसभा के सभापति एम वेंकैया नायडू द्वारा 12 विपक्षी सांसदों के निलंबन को रद्द करने को खारिज करने के बाद विपक्षी सांसदों ने लोकसभा और राज्यसभा से वाकआउट किया है।
निलंबन को रद्द करने के अनुरोध को खारिज
राज्यसभा के सभापति एम वेंकैया नायडू ने 12 सांसदों के निलंबन को रद्द करने के अनुरोध को खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि राज्य के सभापति को कार्रवाई करने का अधिकार है और सदन भी कार्रवाई कर सकता है। नायडू ने कहा कि पिछले मानसून सत्र का कड़वा अनुभव आज भी हममें से अधिकांश लोगों को परेशान करता है।
लोकसभा दोपहर 2 बजे तक के लिए स्थगित
राज्यसबा के सदस्यों के निलंबन पर कांग्रेस, DMK और नेशनल कांफ्रेंस के वाक आउट के बाद लोकसभा दोपहर 2 बजे तक के लिए स्थगित किया गया।
