कोरोना से निबटने स्वास्थ्य विभाग जुटा तैयारियों में, दो सौ बेड का वार्ड हो रहा तैयार

अशोकनगर
कोरोना की तीसरी लहर की आशंका के बीच जिला स्वास्थ्य विभाग ने इससे निबटने  के लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं। फिलहाल दो सौ बेड का स्पेशल वार्ड को तैयार किया जा रहा है जिससे कि यदि कोरोना के मामले बढ़ते हैं तो मरीजों को इस वार्ड में भर्ती कर उपचार दिया जा सके। जीएनएम सेंटर में इस वार्ड की तैयारियां फिलहाल प्रारंभिक स्तर पर ही हैं। इसके अलावा 4 दिसंबर से ऑक्सीजन प्लांट प्रारंभ हो जाएगा। उल्लेखनीय है कि 4 दिसंबर को ऑक्सीजन प्लांट का विधिवत शुभारंभ किया जाएगा। इसके अलावा 10 दिसंबर तक सीटी स्कैन मशीन के आने की संभावना है यह मशीन बैंगलोर से आ रही है। उल्लेखनीय है कि दूसरी लहर के दौरान कोरोना मरीजों को सीटी स्कैन कराने के लिए काफी परेशान होना पड़ा था क्योंकि जिले में फिलहाल केवल प्राइवेट जांच सेंटर पर ही सीटी स्कैन की सुविधा उपलब्ध है।

हाल ही में कोरोना का नया वेरिएंट ओमिक्रॉन सामने आया है। नए वैरिएंट के बारे में कहा जा रहा है कि यह पहले के मुकाबले ज्यादा संक्रामक है और बहुत तेजी से लोगों को संक्रमित कर देता है यानी डेल्टा वैरिएंट से यह वैरिएंट ज्यादा ताकतवर है और इसकी अनदेखी भारी पड़ सकती है। यही कारण है कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा कोरोना का बेहतर इलाज मरीजों को मिल सके इसकी तैयारियां शुरू की गई हैं। फिलहाल जीएनएम सेंटर में दो सौ बैड का वार्ड तैयार किया जा रहा है। इसके अलावा सीटी स्कैन मशीन भी जल्द ही आने की संभावना है।  हालांकि सीटी स्कैन मशीन का पहले एआरबी रजिस्ट्रेशन होता है अभी तक रजिस्ट्रेशन नहीं आया है इसलिए जिला अस्पताल में कब से सीटी स्कैन होने लगेगा इसके बारे में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी भी कुछ बताने में असमर्थता जता रहे हैं।

उल्लेखनीय है कि सीटी स्कैन मशीन निजी कंपनी द्वारा लगाई जा रही है इसलिए रजिस्ट्रेशन भी उक्त कंपनी को ऑनलाइन कराना है। यही कारण है कि स्वास्थ्य विभाग के आला अधिकारी भी इस बारे में पुख्ता जानकारी नहीं दे पा रहे हैं। हालांकि ये जरूर बताया जा रहा है कि उक्त मशीन बैंगलोर से 10 दिसंबर तक अशोकनगर पहुंचेगी।

इनका कहना
बाय चांस मरीज आते हैं तो हम तैयारियां कराकर रख रहे हैं। जीएनएम सेंटर में दो सौ बैड तैयार किए जा रहे हैं। सेंटर के खिड़की-दरवाजे भी दुरुस्त किए जा रहे हैं। ऑक्सीजन प्लांट से सौ से डेढ़ सौ मरीजों को एक साथ ऑक्सीजन मिल सकती है।
डॉ.हिमांशु शर्मा
सीएमएचओ

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *