भोपाल में आग से 10 बच्चों की मौत के मामले में हाई कोर्ट ने नोटिस जारी कर जवाब मांगा

जबलपुर। कमला नेहरू गैस राहत अस्पताल हमीदिया भोपाल में आग से 10 बच्चों की मौत के मामले में हाई कोर्ट ने नोटिस जारी कर जवाब मांग लिया है। सोमवार को मुख्य न्यायाधीश रवि मलिमठ व जस्टिस विजय कुमार शुक्ला की युगलपीठ में सुनवाई हुई। इस दौरान मामले को लेकर बिंदु रेखांकित किये गए। नागरिक उपभोक्ता मार्गदर्शक मंच के डा. पीजी नाजपांडे की ओर से दायर आवेदन में कहा गया है कि यह मामला संवेदनशील और सार्वजनिक हित का है।

आवेदन में कहा गया है कि वर्ष 2014 में सतना के सरकारी अस्पताल के बच्चा वार्ड में आग लगी थी। आग से 10 बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए थे और एक बच्चे की मौत हो गई थी। इस संबंध में उन्होंने हाईकोर्ट में जनहित याचिका दायर की थी। हाईकोर्ट ने राज्य सरकार को नोटिस जारी कर जांच करने के लिए कहा था। इस पर तथ्य सामने आया कि आग जैसी घटनाएं रोकने के लिए अस्पताल में कोई व्यवस्थाएं नहीं है। यह मामला अभी भी हाईकोर्ट में लंबित है। इस दौरान भोपाल के हमीदिया अस्पताल में आग लगने से 10 बच्चों की मौत हो गई है। याचिकाकर्ता की ओर से अधिवक्ता प्रभात यादव, जयलक्ष्मी अय्यर और रत्नेश यादव ने पक्ष रखा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *