मंत्रियों के काम की राष्ट्रीय संगठन महामंत्री ने की समीक्षा, कहा जिम्मेदारी में न दिखे मंत्री पद की ठसक

भोपाल
भाजपा के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष ने कहा है कि आपको जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसमें पद की ठसक और अभिमान नहीं दिखना चाहिए। आपके व्यवहार और स्वभाव में जनता की भलाई का वह भाव दिखना चाहिए जिसके निर्वहन की जिम्मेदारी आपको सौंपी गई है। ऐसा नहीं हो कि आप मंत्री बन गए तो मंत्रीपद आप पर हावी हो जाए। आप बहुत से लोगों को पीछे छोड़कर यहां तक पहुंचे हैं तो उसका कितना लाभ आप जनता को दे सकते हैं और पार्टी हित में काम कर सकते हैं। इसका ध्यान रखने की जरूरत है।

संतोष ने ये बातें मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा, प्रदेश संगठन महामंत्री सुहास भगत व सह संगठन महामंत्री हितानंद की मौजूदगी में मंत्रियों से संवाद के दौरान कहीं। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि आपके पदीय दायित्व का लाभ जनता को अधिकतम मिले तो ही आपकी सफलता है। आप सरकार के चेहरे हैं। इसलिए जनता के बीच आपकी छवि काम करने वाली होनी चाहिए। संगठन के विस्तार की चर्चा करने के साथ सरकार की योजनाओं के प्रचार प्रसार और मानीटरिंग पर भी उन्होंने मंत्रियों से चर्चा की।  उन्होंने मंत्रियों के कामकाज पर ही मिशन 2023 की सफलता की बात कही और कहा कि आपकी निष्क्रियता आप और पार्टी दोनों के लिए नुकसानदेह होगी।

राष्ट्रीय संगठन महामंत्री संतोष के साथ बैठक के लिए सुबह 10.30 बजे का समय तय किया गया था। इस समय तक बैठक के लिए संतोष के अलावा सीएम, प्रदेश अध्यक्ष शर्मा, प्रदेश प्रभारी मुरलीधर राव तो पहुंच गए लेकिन करीब आधा दर्जन मंत्री समय से नहीं पहुंच सके। इस पर संतोष ने नाराजगी जताई कि जब संगठन की बैठक में समय पर नहीं आ रहे तो बाकी कार्यक्रम में समय का कैसे ध्यान रखते होंगे? बैठक में न पहुंचने वालों में कमल पटेल, बिसाहू लाल सिंह, उषा ठाकुर, विजय शाह, प्रेम सिंह समेत अन्य शामिल हैं।

संगठन महामंत्री संतोष ने मंत्रियों से उनका वर्क प्लान मांगा और पूछा कि वे जनता के बीच प्रवास पर कितने दिन में जाते हैं? कब से जनता के बीच नहीं गए। कुछ मंत्रियों के प्रवास कम होने पर उन्होंने कहा कि पांच साल में एक बार जनता के बीच तो जाना ही पड़ता है और अगर आप नहीं गए तो जनता की नाराजगी झेलनी पड़ती है। इसलिए जनता के साथ संपर्क और संवाद बनाए रखें। उन्होने कहा कि संगठन से मन मुटाव नहीं होना चाहिए। आपकी छवि जनता के बीच अच्छी रहेगी तो ही काम दिखेगा। उन्होंने कहा कि योजनाओं को लेकर सीरियस रहना है और इसका फीडबैक लेना है कि पात्रता के  बाद भी क्षेत्र के कौन लोग वंचित हैं? उन्हें लाभ दिलाने का काम करना है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 के बाद भाजपा की स्थिति और अच्छी हुई है जिसे मेंटेन करने पर जोर देना है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *