विमान के पहियों के पास बैठा दिखा शख्स

नई दिल्ली
लोग फ्लाइट पर चढ़ने के सपने देखते हैं। अपने पहले सफर को यादगार बनाने के लिए तरह-तरह की चीजें करते रहते हैं। लेकिन सोचिए कोई शख्स विमान के लैंडिंग गियर पर बैठकर चला आए तो यह हैरान करने वाली बात होगी। अमेरिका से एक ऐसा ही मामला सामने आया है जहां एक शख्स ने विमान के लैंडिंग गियर के पास बैठकर यात्रा की है। इस शख्स की तस्वीरें भी वायरल हुई हैं। दरअसल, यह घटना अमेरिकन एयरलाइंस से सामने आई है। 'न्यूयॉर्क टाइम्स' की एक रिपोर्ट के मुताबिक, ग्वाटेमाला से मियामी जाने वाले एक विमान में यह शख्स विमान के भीतर नहीं बल्कि विमान के लैंडिंग गियर में बैठा था। जब वह बैठा तो लोग उसे देख नहीं पाए। इतना ही नहीं विमान करीब दो घंटे 30 मिनट तक हवा में रहा और यह वहीं बैठा रहा। आश्चर्य की बात यह भी है कि शख्स वहां से टस से मस नहीं हुआ। मियामी में जैसे ही विमान लैंड हुआ, लोग वहां से उतरने लगे और हवाई अड्डे के कर्मचारी अपने काम में लग गए। तभी अचानक किसी कर्मचारी की नजर शख्स पर पड़ी। यह शख्स लैंडिग गियर पर बैठा हुआ था और एकदम सिकुड़ा हुआ वहीं बैठा था। दो कर्मचारियों ने उसे वहां से निकाला और उसे अस्पताल ले गए, उसकी हालत ठीक बताई जा रही है। रिपोर्ट में बताया गया है कि ग्वाटेमाला से मियामी पहुंचने में विमान ने करीब दो घंटे 30 मिनट लिए। तब तक ये शख्स 33,000 फीट की ऊंचाई पर लैंडिंग गियर के पास ही बैठा रहा। इस शख्स की तस्वीरें सामने आते ही लोग चौंक गए कि कैसे यह जीवित बच गया।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *