बिहार को जल्द मिलेगी ट्रैफिक जाम से निजात, अधिकारी बनाएंगे कड़ा वर्क प्लान, गृह विभाग ने मांगी रिपोर्ट
पटना
बिहार को जाम से निजात दिलाने के लिए राज्य सरकार ने अहम पहल की है। इसको लेकर गृह विभाग ने सभी प्रमंडलीय आयुक्तों और रेंज आईजी-डीआईजी को सख्त आदेश दिया है। इन पदाधिकारियों को जिम्मेदारी दी गई है कि उनके क्षेत्राधिकार में जहां भी जाम की समस्या है, उसका अध्ययन कर विस्तृत कार्ययोजना बनाएं और उसे अपने यहां प्रभावी ढंग से लागू करें, ताकि जाम की समस्या से राज्य को निजात मिले।
गृह विभाग के निर्देश पर जिलों में यह चिह्नित किये गये हैं कि कहां-कहां पर जाम की समस्या अधिक है। इसकी सूची पूर्व में भी विभाग को मिली थी। इसी क्रम में विभाग का अब निर्देश है कि प्रमंडलीय आयुक्त और संबंधित रेंज के आईजी-डीआईजी एक साथ बैठक करें। संयुक्त रूप से जाम का अध्ययन कराएं और इससे निपटने के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार करें। डीएम-एसपी को भी इससे अवगत कराएं और उन्हें आवश्यक निर्देश दें।
विभाग ने साफ निर्देश दिया है कि जाम की समस्या से निजात मिले, यह सुनिश्चत करें। ताकि लोगों की आवाजाही में कोई दिक्कत ना हो। लोग समय से अपने गंतव्य पर पहुंच सकें। साथ ही यह भी निर्देश है कि जाम से निजात पाने के लिए कौन-कौन से कदम उठाए गये, इसकी भी रिपोर्ट विभाग को भेजें। गृह विभाग के स्तर से भी राज्य के विभिन्न जिलों में लग रहे जाम की समस्या की मॉनिटरिंग हो रही है।
