महिला को लूटने वाले तीन सपेरे गिरफ्तार

हरिद्वार
जंगल से सांप की केंचुली देने के बहाने बुजुर्ग महिला पर पत्थर से हमला कर जेवरात लूटने वाले तीन सपेरों को कनखल की पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। जेवरात देखकर मन में लालच आने पर उन्होंने लूटपाट की थी। आरोपितों से महिला के सोने के कंगन और अंगूठी भी बरामद की गई है। वहीं, एक सपेरा फरार है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। एसपी सिटी कमलेश उपाध्याय ने बताया कि मुंबई निवासी बुजुर्ग चंदा देवी रंगा अपने पति राम गोपाल रंगा के साथ 15 सितंबर 2021 से हरिद्वार के कनखल में रह रही है। कुछ दिन पहले हरिद्वार में उनकी मुलाकात एक सपेरे से हुई थी। सुख समृद्धि के लिए सांप की केंचुली देने के बहाने उसने चंदा देवी रंगा 17 नवंबर को जगजीतपुर कनखल बुलाया। इसके बाद युवक व उसके साथियों ने बुजुर्ग को मातृसदन रोड से पुल पार कर जंगल की तरफ ले जाकर पत्थरों से हमला कर दिया। बेहोश होने पर उसे मृत समझकर हाथों से सोने के कंगन व अंगूठी लूटकर वह फरार हो गए। इस मामले में चंदा देवी रंगा के बेटे कृष्ण कन्हैया रंगा ने मुकदमा दर्ज कराया था। एसओ कनखल दीपक कठैत के नेतृत्व में जगजीतपुर चौकी प्रभारी खेमेंद्र गंगवार ने मामले की जांच की। गुरुवार रात मुखबिर से सूचना पर पुलिस टीम ने सुशील नाथ निवासी सपेरा बस्ती भनियावाला देहरादून हाल निवासी चंडी घाट थाना श्यामपुर हरिद्वार, शाहरुख नाथ निवासी चंडी घाट थाना श्यामपुर हाल निवासी सपेरा बस्ती निकट मातृ सदन आश्रम व जम्मी नाथ निवासी सपेरा बस्ती घोसीपुरा थाना पथरी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपितों के कब्जे से महिला से लूटे गए सोने के कंगन व एक अंगूठी भी बरामद कर ली गई। उन्होंने अपने चौथे साथी का नाम फूंकारनाथ उर्फ चंपू निवासी झुग्गी झोपड़ी चंडी घाट श्यामपुर बताया। सीओ सिटी अभय प्रताप सिहं ने बताया कि महिला से लूटा गया एक कंगन फरार आरोपित के पास है। उसे भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

पहली मुलाकात में बनाई हत्या की योजना
हरिद्वार: कनखल थानाध्यक्ष दीपक कठैत ने बताया कि वृद्धा से सुशील नाथ की मुलाकात कुछ दिनों पहले चंडी घाट पर हई थी। वृद्धा ने बताया कि उन्हें सांप की केंचुली चाहिए। तभी वृद्धा के हाथ में सोने के कंगन और अंगूठी देखकर सुशीलनाथ के मन में लालच आ गया। तब उसने जम्मी नाथ, शाहरुख नाथ और फूंकारनाथ के साथ मिलकर लूट व हत्या की योजना बनाई। पत्थर से हमला होने पर चंदा देवी रंगा लहुलुहान होकर बेहोश हो गई। आरोपितों को लगा कि वह मर चुकी है। इसलिए लूटपाट कर भाग निकले।

एसएसपी ने दी शाबाशी
दूसरे राज्य की वृद्ध महिला पर जानलेवा हमला कर लूटपाट की घटना का पर्दाफाश करने पर एसएसपी डा. योगेंद्र रावत ने पुलिस टीम की पीठ थपथपाई है। टीम में कनखल थानाध्यक्ष दीपक कठैत, जगजीतपुर चौकी प्रभारी खेमेंद्र गंगवार, उपनिरीक्षक देवेंद्र चौहान, सिपाही पप्पू कश्यप, विक्टेश्वर, हरेंद्र, भरत, बलवंत, महिला सिपाही पूनम मौजूद रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *