घूंघट डालकर महिला ने रखा मौनव्रत, जटाशंकर धाम में जमाया डेरा

दमोह
मध्य प्रदेश के दमोह जिले में घूंघट वाली एक रहस्मयी महिला कौतूहल का विषय बनी हुई है. इसने पिछले एक हफ्ते से जटाशंकर धाम में डेरा डाला हुआ है. न कुछ बोलती है, न कुछ प्रतिक्रिया देती है. कोई कुछ खाने को देता है तो फेंक देती है. लगता है जैसे उसने मौन व्रत रखा हुआ है. उसकी चुप्पी से परेशान लोगों ने उसकी शिकायत प्रशासन को कर दी. महिला को फिलहाल वन स्टॉप सेंटर भेज दिया गया है.

जानकारी के मुताबिक, एक हफ्ते पहले जब भक्त जटाशंकर धाम मंदिर आए तो उन्होंने देखा कि एक महिला दो बैग लेकर बैठी है. भक्तों ने महिला को इसी स्थिति में कई दिनों तक देखा तो आश्चर्यचकित हुए. कई लोगों ने उससे बात करनी चाही तो कोई जवाब नहीं मिला. वे परेशान हो गए. दूसरी ओर, मंदिर परिसर की व्यवस्था के लिए वहां रह रहे लोग भी हैरान-परेशान थे. क्योंकि, यह अज्ञात महिला दिन तो यहां-वहां बैठकर काट लेती थी, लेकिन रात होते ही मंदिर के बरामदे की कुंडी खोल कर सो जाती थी. मंदिर में रहने वाली एक बुजुर्ग महिला ने उससे बात करने की कोशिश की और वहां रुकने से मना किया तो उसने अनसुना कर दिया. महिला जिद पर अड़ी रही, पर कुछ बोली नहीं.

इस बीच उसकी हालत देख कुछ लोगों ने उसे खाना दिया. लेकिन, खाने की जगह महिला ने वह खाना फेंक दिया. ये देख लोग और हैरान हो गए. इसके बाद लोगों ने पुलिस को इसकी सूचना दी. पुलिस ने पहले तो कुछ नहीं किया, लेकिन जब मीडिया ने हस्तक्षेप किया तो महिला को नारी-बाल सुधार गृह भेज दिया गया. महिला प्रेम दीवानी बताई जा रही है. वह अपने बच्चों और घर को छोड़कर प्रेमी को मनाने निकली है. इस वजह से खाना-पीना छोड़कर यहां बैठी हुई है. वह अपना नाम सार्वजनिक नहीं करना चाहती.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *