कांग्रेस के पूर्व विधायक होर्डिंग्स हटाने पर भड़के, SDMC कर्मियों से गाली-गलौज कर डंडे से पीटा, मुर्गा भी बनाया

नई दिल्ली
राजधानी दिल्ली के ओखला इलाके में कांग्रेस के एक पूर्व विधायक मोहम्मद आसिफ खान द्वारा लगाए गए होर्डिंग और पोस्टर हटाने पर कथित तौर पर दक्षिण दिल्ली नगर निगम (एसडीएमसी) के कर्मचारियों को गाली देते और डंडे से पीटने का मामला सामने आया है। इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है, जिसमें पूर्व विधायक को एसडीएमसी कर्मियों को गाली देते हुए दिखाया गया है।

मामला संज्ञान में आने के बाद घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए दिल्ली पुलिस ने शुक्रवार को कहा कि वह मामले में आसिफ खान के खिलाफ एफआईआर दर्ज करेगी। हालांकि, कांग्रेस के पूर्व विधायक मोहम्मद आसिफ खान ने कहा कि उन्हें इस बात की कोई जानकारी नहीं थी कि वे एसडीएमसी के कर्मचारी थे। उन्होंने कहा कि मुझे नहीं पता कि वे कौन थे। मुझे घटना के बारे में एसडीएमसी से कोई कॉल या मैसेज नहीं मिला है। घटना का वीडियो शुक्रवार को सामने आया, जिसमें आसिफ खान को कथित तौर पर डंडे से चार लोगों को पीटते हुए और उन्हें कान पकड़कर मुर्गा बनाने का निर्देश देते हुए दिखाया गया है।
एनसीआर से

खान ने बताया कि उन्होंने देखा है कि काफी समय से ओखला इलाके में उनके द्वारा लगाए गए होर्डिंग्स को तुरंत हटा दिया जाता है, जबकि 'आप' के एक स्थानीय विधायक और नगर निगमों के होर्डिंग लगे रहे। उन्होंने कहा कि मैंने देखा कि कुछ लोग ओखला में मेरे घर के पास कांग्रेस पार्टी के होर्डिंग और पोस्टर हटा रहे थे। जब मैंने उनसे सवाल किया कि उन्होंने अन्य पार्टियों के पोस्टर और होर्डिंग क्यों नहीं हटाए, तो उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया। मैंने उन्हें सिर्फ सबक सिखाया। मुझे नहीं पता कि वो कौन थे।

वहीं, एसडीएमसी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने नाम न छापने की शर्त पर कहा कि जिन लोगों के साथ बदसलूकी की गई, वो नगर निगम के कर्मचारी हैं। अधिकारी ने कहा कि मामले पर उपायुक्त मध्य क्षेत्र के साथ चर्चा की गई है। क्षेत्रीय अधिकारियों द्वारा उचित कानूनी कार्रवाई की जा रही है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *