दुर्ग-उधमपुर सुपरफास्ट ट्रेन में लगी आग,दो बोगियां जलीं,बाल-बाल बचे यात्री
मुरैना
मध्य प्रदेश में आज उधमपुर एक्सप्रेस बर्निंग ट्रेन बन गई। ट्रेन की दो बोगियों में आग लग गई। एक बोगी पूरी तरह जल गई है। आग बुझाने के लिए ट्रेन को मुरैना के पास हेतमपुर रेलवे स्टेशन पर रोका गया था। हादसे में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। हालांकि कई यात्रियों का सामान जल गया।
बताया जाता है कि उधमपुर से दुर्ग जा रही उधमपुर एक्सप्रेस ट्रेन नंबर 20848 में शुक्रवार दोपहर में अचानक आग लग गई। आग लगने के बाद ट्रेन को हेतमपुर रेलवे स्टेशन के पास रोका गया था। आग बुझाने के लिए मुरैना और आसपास के क्षेत्र की दमकलों को बुलाया गया था। जीआरपी और जिला पुलिस के जवान भी वहां पहुंच गए थे। उन्होंने बर्निंग ट्रेन के रुकने पर ग्रामीणों और यात्रियों की भीड़ को आग में जल रही बोगियों से दूर हटाया।
अफरा-तफरी मची
बर्निंग ट्रेन के हेतमपुर रेलवे स्टेशन पर रुकने पर ट्रेन में अफरा-तफरा मच गई। ग्रामीण भी वहां एकत्रित हो गए। इस दौरान वहां मौजूद लोग जलती हुई ट्रेन का वीडियो बनाने लगे। वहीं ट्रेन से यात्रा कर रहे रहे यात्री खुद को सुरक्षित देख राहत की सांस ले रहे थे।
यात्रियों के अनुसार, ए1 कोच में लगी आग ने दूसरी बोगियों को भी कुछ मिनटों में अपनी चपेट में ले लिया और कोच धूं-धूं कर जलने लगे. गनीमत रही कि आग की सूचना पर समय रहते ट्रेन को रोक दिया गया, तब तक यात्री अपने अपने बोगियों से कूद चुके थे.
