दिल्ली सरकार नए वैरिएंट के खतरे से अलर्ट, केजरीवाल ने सोमवार को बुलाई बैठक

नई दिल्ली
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शुक्रवार को कहा कि उनकी सरकार ने अफ्रीकी देशों में देखे गए कोविड-19 के नए स्वरूप के खतरे के मद्देनजर उठाए जाने वाले कदमों पर चर्चा के लिए दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (DDMA) की बैठक बुलाई है। केंद्र ने गुरुवार को सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से कहा कि दक्षिण अफ्रीका, हांगकांग और बोत्सवाना से आने वाले या इन देशों के रास्ते आने वाले सभी अंतरराष्ट्रीय यात्रियों की कड़ी जांच की जाए। इन देशों में कोविड​​​​-19 के नए स्वरूप के सामने आने की सूचना है जिसके जनस्वास्थ्य पर गंभीर असर पड़ सकते हैं। केजरीवाल ने शुक्रवार को ट्वीट कर कहा, ''अफ्रीकी देशों से कोविड-19 के नए स्वरूप के खतरे के मद्देनजर, हमने विशेषज्ञों से सोमवार को डीडीएमए से चर्चा करने और यह सुझाव देने को कहा है कि हमें कौन से कदम उठाने चाहिए। हम आपकी और आपके परिवार की रक्षा के लिए आवश्यक सभी कदम उठाएंगे।'' बता दें कि COVID-19 के एक वैरिएंट – B.1.1.529 की पहचान की गई है, जो दक्षिण अफ्रीका में COVID-19 संक्रमण के नए मामलों में वृद्धि का कारण बन रहा है। विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) ने नए कोविड वैरिएंट पर चर्चा के लिए एक विशेष बैठक बुलाई है। WHO के कोविड -19 पर तकनीकी प्रमुख डॉ. मारिया वान केरखोव ने एक ब्रीफिंग में कहा कि हम इसके बारे में अभी तक बहुत कुछ नहीं जानते हैं। हम जो जानते हैं वह यह है कि यह वैरिएंट बड़ी तेजी से म्यूटेंट करता है और चिंता यह है कि जब आपके पास इतने सारे म्यूटेंट्स होते हैं, तो यह वायरस के व्यवहार पर प्रभाव डाल सकता है।

दिल्ली में कोरोना वायरस संक्रमण के 30 नए मामले
दिल्ली में गुरुवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 30 नए मामले सामने आए और संक्रमण दर 0.05 प्रतिशत रही। वहीं, इस अवधि में संक्रमण से मौत का नया मामला दर्ज नहीं किया गया है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी आंकड़ों में यह जानकारी दी गई। विभाग के मुताबिक, दिल्ली में अब तक संक्रमण के 14,40,784 मामले सामने आ चुके हैं जबकि 14.15 लाख से अधिक मरीज ठीक हुए हैं। शहर में अब तक इस घातक वायरस के कारण 25,095 लोगों की मौत हो चुकी है। इसके मुताबिक, नवंबर के महीने में अब तक कोविड-19 के चार मरीजों की मौत हुई है जबकि अक्टूबर में चार और सितंबर में पांच मरीजों की जान गई थी। विभाग के मुताबिक, दिल्ली में पिछले 24 घंटे के दौरान 55,930 नमूनों की जांच की गई।  

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *