अरविंद केजरीवाल बोले- किसानों ने हमें सिखाया कि धैर्य के साथ कैसे लड़ना है

नई दिल्ली
नए कृषि कानूनों के विरोध में दिल्ली की सीमाओं पर जारी किसान आंदोलन को एक साल पूरा होने पर दिल्ली मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शुक्रवार को कहा कि देश के किसानों ने हम सभी को यह सिखाया है कि धैर्य के साथ अधिकार के लिए कैसे लड़ना है। मुख्यमंत्री केजरीवाल ने ट्वीट कर कहा, ''आज किसान आंदोलन को पूरा एक साल हो गया है। इस ऐतिहासिक आंदोलन ने गर्मी-सर्दी, बरसात-तूफान के साथ अनेक साजिशों का भी सामना किया। देश के किसान ने हम सबको सिखा दिया कि धैर्य के साथ हक की लड़ाई कैसे लड़ी जाती है। किसान भाइयों के हौसले, साहस, जज्बे और बलिदान को मैं सलाम करता हूं।''  किसान बीते साल 26 नवंबर, 2020 से दिल्ली की विभिन्न सीमाओं पर कृषि कानूनों का विरोध कर रहे हैं। इस बीच, किसान संघों के संगठन संयुक्त किसान मोर्चा (एसकेएम) ने किसान आंदोलन की पहली वर्षगांठ पर विभिन्न राज्यों में विरोध प्रदर्शन आयोजित किए हैं।

पिछले हफ्ते, प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी ने घोषणा की थी कि केंद्र सरकार इस महीने के अंत में शुरू होने वाले संसद के शीतकालीन सत्र में कृषि कानूनों को निरस्त करने के लिए आवश्यक विधेयक लाएगी। प्रधानमंत्री ने यह भी घोषणा की थी कि सरकार न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) के लिए एक नए ढांचे पर काम करने के लिए एक समिति का गठन करेगी। इस बीच, भारतीय किसान यूनियन (बीकेयू) के नेता राकेश टिकैत ने कहा कि फसलों के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) की कानूनी गारंटी और अन्य मांगों के लिए सरकार पर दबाव बनाने को 29 नवंबर को संसद तक ट्रैक्टर मार्च निकाला जाएगा।  

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *