1 दिसंबर से महाराष्ट्र में फिर खुलेंगे स्कूल, जल्द जारी होंगी गाइडलाइन

मुंबई
 महाराष्ट्र मंत्रिमंडल ने ग्रामीण इलाकों में पहली से चौथी कक्षाओं और शहरी इलाकों में पहली से सातवीं कक्षाओं के छात्रों के लिए एक दिसंबर से स्कूल फिर से खोलने का फैसला किया है। कोविड-19 महामारी के कारण मार्च 2020 से राज्य के प्राथमिक स्कूल बंद हैं।

स्कूल शिक्षा मंत्री वर्षा गायकवाड़ ने कहा, ‘‘मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे, मंत्रिमंडल और बाल चिकित्सा कार्य बल के साथ इस मुद्दे पर चर्चा करने के बाद हमने ग्रामीण क्षेत्रों में पहली से चौथी कक्षाओं और शहरी क्षेत्रों में पहली से सातवीं कक्षाओं के लिए स्कूलों को एक दिसंबर से फिर से खोलने का फैसला किया है।'' उन्होंने कहा, ‘‘हम स्कूलों को सुरक्षित तरीके से फिर से खोलने के लिए प्रतिबद्ध हैं। अगले छह दिनों में स्कूलों, अभिभावकों और बच्चों को शारीरिक रूप से कक्षाओं में मौजूद रहने के लिए तैयार किया जाएगा क्योंकि करीब दो वर्षों से कक्षाएं बंद हैं। हम स्कूल प्रबंधन समितियों और अभिभावकों के साथ विचार विमर्श करेंगे।''

गायकवाड़ ने कहा कि वह इन बच्चों के लिए स्कूलों को फिर से खोलने के लिए मानक संचालन प्रक्रिया को अद्यतन करने की आवश्यकता पर बाल चिकित्सा कार्य बल के साथ विचार विमर्श करेंगी। इनमें से कुछ बच्चे पहली बार शारीरिक रूप से कक्षाओं में भाग लेंगे। यह कार्य बल इस साल की शुरुआत में बनाया गया था जब विशेषज्ञों ने आशंका जतायी थी कि संभावित तीसरी लहर का असर बच्चों पर पड़ सकता है।

शिक्षा मंत्री ने अभी तक शुरू हुई कक्षाओं के लिए सुरक्षित माहौल सुनिश्चित करने के वास्ते स्कूलों खासतौर से शिक्षकों का आभार जताया। उल्लेखनीय है कि ग्रामीण इलाकों में पांचवीं से 12वीं कक्षाओं और शहरी इलाकों में आठवीं से 12वीं कक्षाओं के लिए स्कूल चार अक्टूबर को फिर से खोले गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *