पटना में शातिर चोर, मैरिज हॉल से सोफा चुरा कार से ले गए

पटना
राजधानी पटना के एक मैरेज हॉल में चोरों ने सोफा की चोरी कर ली। चोरों ने सोफा को कार पर रख लिया और उसे लेकर भाग निकले। यह मामला राजीवनगर थाना के जयप्रकाश नगर नाला पर इलाके का है। इसी जगह प्रतिमा सिंह का टेंट हाउस चलता है। बुधवार की सुबह जब सीसीटीवी कैमरे को खंगाला गया तो पता चला कि टेंट हाउस में चोर घुसे थे। एक पेंट दुकानदार रवि सिंह की दुकान से चोरों ने फूलों का गमला भी चोरी कर लिया। राजीवनगर थानेदार सरोज कुमार ने बताया कि उनके पास कोई भी शिकायत लेकर नहीं पहुंचा है। वहीं राजीवनगर थाना क्षेत्र के गांधी नगर रोड नंबर 4बी स्थित एक खाली घर में चोरों ने चार लाख की चोरी कर ली। घर में रहने वाली सीमा देवी बीते 18 नवंबर को अपने बच्चों के साथ गोपालगंज स्थित गांव गयी थी। जब 23 नवंबर को महिला वापस लौटीं तो घर के मेन गेट का ताला लगा मिला। लेकिन अंदर जाने पर सारे ताले टूटे हुए थे। कमरे के अंदर जाने पर पता चला कि सारे सामान बिखरे पड़े हैं। जेवरात, लैपटॉप, मोबाइल और दस हजार रुपये समेत चार लाख की चोरी अपराधियों ने कर ली। इसकी सूचना पीड़िता ने राजीवनगर थानेदार सरोज कुमार को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छानबीन की।

थानेदार सरोज कुमार ने बताया कि पुलिस ने अज्ञात चोरों पर एफआईआर दर्ज कर ली है। तफ्तीश के दौरान ही जब पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को चेक किया तो चोरों की तस्वीर दिखी। 19 नवंबर की रात एक बजे चेहरे पर गमछा लपेटे एक चोर दिखा। पीड़ित महिला ने पुलिस को बताया कि वापस आने पर उसी फुटेज में कैद चोर की शक्ल का आदमी चेहरे पर गमछा लपेटे उनके घर की ओर झांकते देखा गया। महिला और उनके परिजनों ने उसका पीछा भी किया लेकिन संदिग्ध भाग निकला। पुलिस मामले की जांच कर रही है। हाल के दिनों में राजधानी में चोरी और लूट की घटनाओं में काफी बढ़ोत्तरी हुई है। पुलिस अब तक विभिन्न मामले सुलझाने में सफल नहीं हो सकी है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *